विज्ञापन
This Article is From Apr 06, 2026

अब आपकी बारी...गौरव गोगोई के आरोपों पर CM हिमंता की पत्नी रिनिक भुइयां का पलटवार

कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई ने रविवार को असम सीएम हिमंता से सवाल किया था कि क्या उनकी पत्नी के पास तीन विदेशी पासपोर्ट हैं, दुबई में संपत्ति है, अमेरिका में कंपनियां हैं, या उन्होंने मुखौटा कंपनियों में संपत्ति रखी है? मुख्यमंत्री ने सोमवार सुबह दावा किया कि विपक्षी पार्टी ने एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया समूह से मिली झूठी जानकारी के आधार पर ये आरोप गढ़े हैं.

अब आपकी बारी...गौरव गोगोई के आरोपों पर CM हिमंता की पत्नी रिनिक भुइयां का पलटवार
सीएम हिमंता की पत्नी ने गोगोई के सवालों को बताया हास्यास्पद
  • असम में चुनाव से पहले सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के बीच तीखी राजनीतिक बहस चल रही है
  • गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री परिवार की विदेशी संपत्तियों और वित्तीय खुलासों को लेकर पांच गंभीर सवाल उठाए हैं
  • रिनिकी भुइयां ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए विदेशों में कोई संपत्ति या कारोबारी हित होने से इनकार किया

असम में चुनाव से पहले सियासी घमासान छिड़ा हुआ है. इसी बीच राज्य के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के बीच बहस अब उनके परिवार तक जा पहुंची है. आलम ये है कि नेताओं के बीच जुबानी जंग भी थमती नहीं दिख रही. कांग्रेस नेता गौरव गोगोई और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर चल रही नोकझोंक अब खुली राजनीतिक बहस में बदलती दिख रही है.

क्या है मामला, जिस पर हो रहा घमासान

असल में ये पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने मुख्यमंत्री के परिवार से जुड़े कथित विदेशी संपत्तियों और वित्तीय खुलासों को लेकर 5 तीखे सवाल खड़े किए. कांग्रेस नेता गोगोई ने पूछा कि क्या रिनिकी भुइयां सरमा के पास दुबई गोल्डन वीजा है, क्या परिवार का कोई सदस्य विदेश में संपत्ति का मालिक है, क्या कोई विदेशी कारोबार संचालित किया जा रहा है और क्या इन सभी संपत्तियों का खुलासा चुनावी हलफनामों में किया गया है.

ये भी पढ़ें : CM हिमंता बिस्वा सरमा के नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर चुनाव आयोग पहुंची कांग्रेस

गोगोई के सवालों पर सीएम की पत्नी का जवाब

इन सवालों के बाद रिनिकी भुइयां सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सार्वजनिक रूप से तीखी प्रतिक्रिया दी. रिनिकी भुइयां सरमा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, "मैं आपका इंतजार खत्म करती हूं और इन हास्यास्पद सवालों के जवाब खुद ही दे देती हूं. जवाब यह है कि न तो मेरा, न मेरे बच्चों का और न ही मेरे पति का दुबई या भारत के बाहर कहीं भी कोई कारोबारी हित या संपत्ति है."

इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा, "अब आपकी बारी. क्या आप यह बता सकते हैं कि आपकी पत्नी का पाकिस्तान में कोई बैंक खाता है या कभी रहा है? और क्या आप वे सारी जानकारी सार्वजनिक करेंगे? यह भी दिलचस्प है कि कैसे 24 घंटों के अंदर ही आप 'मिस्र के पासपोर्ट पर गोल्डन वीजा' होने के अपने दावे से पीछे हटकर अब 'भारतीय पासपोर्ट' की बात करने लगे हैं."

ये भी पढ़ें :क्या है सीएम हेमंता की पत्नी का इजिप्ट पासपोर्ट का मामला? कांग्रेस के आरोप पर सुधांशु त्रिवेदी का दो टूक जवाब

गोगोई के आरोपों पर सीएम की पत्नी का पलटवार

रिनिकी भुइयां सरमा की इस प्रतिक्रिया को एक तंज भरे पलटवार के रूप में समझा गया, जिसमें उन्होंने आरोपों को सीधे तौर पर स्वीकार या खारिज करने के बजाय सवाल उठाने के पीछे की मंशा पर ही सवाल खड़े कर दिए. उनके इस रुख ने सोशल मीडिया पर बहस को और तेज कर दिया. इस जवाब के बाद राजनीतिक हलकों में प्रतिक्रियाएं बंट गईं. जहां बीजेपी समर्थकों ने इसे आत्मविश्वास भरा जवाब बताते हुए सराहना की, जबकि कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गोगोई द्वारा उठाए गए सवाल अब भी जवाब के इंतजार में हैं.

सोशल मीडिया पर भी हो रही बहस

यह पूरा मामला तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और चुनावों से पहले असम के राजनीतिक माहौल में और गर्मी घोल रहा है. दोनों पक्षों के पीछे हटने के कोई संकेत नहीं हैं, जिससे यह साफ हो रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X अब हाई‑प्रोफाइल राजनीतिक नैरेटिव की जंग का बड़ा मैदान बन चुका है, जहां तीखे तंज और जवाबी तंज औपचारिक बयानों जितना ही असर डाल रहे हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assamassemblyelection2026, Riniki Bhuyan Sarma Passport Row, Himanta Wife Passport, Riniki Bhuyan Sarma, Gaurav Gogoi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com