विज्ञापन

असम में सत्ता की लड़ाई, पत्नियों पर आई....गोगोई के बाद अब हिमंता की पत्नी पर वार ; पूरी कहानी जानिए

पवन खेड़ा ने नयी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि शर्मा की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के तीन पासपोर्ट हैं, जो क्रमशः मार्च 2027, अगस्त 2031 और फरवरी 2029 में समाप्त हो रहे हैं.

असम में सत्ता की लड़ाई, पत्नियों पर आई....गोगोई के बाद अब हिमंता की पत्नी पर वार ; पूरी कहानी जानिए
  • CM हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीन देशों के पासपोर्ट होने और दुबई में संपत्तियों का आरोप लगाया गया.
  • पवन खेड़ा ने सरमा की पत्नी पर चुनावी हलफनामे में संपत्तियों का खुलासा न करने और 3 पासपोर्ट रखने का आरोप लगाया.
  • CM सरमा ने खेड़ा के आरोपों को झूठा बताया और डिजिटल हेरफेर कर दस्तावेजों में विसंगतियां होने का दावा किया.

असम विधानसभा चुनाव के रण में अब वार-पलटवार का केंद्र नेताओं के परिवार बन गए हैं. 'सत्ता की इस लड़ाई' में मुद्दों से ज्यादा चर्चा नेताओं की पत्नियों को लेकर हो रही है. हाल ही में गौरव गोगोई के परिवार पर निशाना साधे जाने के बाद, अब भाजपा के खेमे से मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी पर तीखे हमले शुरू हो गए हैं. कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने मुख्यमंत्री की पत्नी पर तीन देशों के पासपोर्ट होने का गंभीर आरोप लगाकर इस विवाद को नया मोड़ दे दिया है.

खेड़ा को CM ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

असम के CM हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कहा कि वह और उनकी पत्नी कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे, जिन्होंने उन पर “झूठे आरोप” लगाए हैं कि उनके पास कई पासपोर्ट हैं और दुबई में संपत्तियां हैं, जिनका उल्लेख उनके चुनावी हलफनामे में नहीं किया गया था. हिमंत बिस्वा सरमा ने यह भी दावा किया कि खेड़ा द्वारा साझा किए गए दस्तावेजों में ‘गंभीर विसंगतियां' थीं, जो यह संकेत देती हैं कि यह “डिजिटल हेरफेर का एक घटिया और खराब प्रयास” था.

खेड़ा ने CM की पत्नी पर क्या-क्या आरोप लगाए

असम में नौ अप्रैल को मतदान होने से ठीक चार दिन पहले, खेड़ा ने नयी दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि शर्मा की पत्नी के पास संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), एंटीगुआ-बारबुडा और मिस्र के तीन पासपोर्ट हैं, जो क्रमशः मार्च 2027, अगस्त 2031 और फरवरी 2029 में समाप्त हो रहे हैं.

'सरमा की पत्नी के पास दुबई में दो संपत्तियां'

पवन खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि सरमा की पत्नी के पास दुबई में दो संपत्तियां हैं. खेड़ा ने कहा, ‘‘विदेश में कई लोगों के पास संपत्तियां होती हैं, लेकिन जब पति या पत्नी में से कोई चुनाव लड़ता है तो उसके लिए इन संपत्तियों का खुलासा हलफनामे में करना अनिवार्य होता है. फिर भी, हिमंत विश्व शर्मा के हलफनामे में दुबई की इन दो संपत्तियों का कोई जिक्र नहीं है.''

'कांग्रेस के दुष्प्रचार का भंडाफोड़...'

मुख्यमंत्री ने खेड़ा द्वारा प्रसारित दस्तावेजों में पाई गई “विसंगतियों” को सूचीबद्ध करते हुए ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा: “कांग्रेस के दुष्प्रचार का भंडाफोड़ - गंभीर विसंगतियां उजागर हुईं. प्रसारित किए जा रहे दस्तावेजों में कई स्पष्ट विसंगतियां हैं, जो डिजिटल हेरफेर के एक घटिया और खराब ढंग से किए गए प्रयास का संकेत देती हैं.”

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उनकी पत्नी के आधिकारिक उपनाम ‘शर्मा' के बजाय ‘सरमा' का इस्तेमाल किया. मुख्यमंत्री ने कहा, “यह तस्वीर सार्वजनिक रूप से उपलब्ध छवि प्रतीत होती है, न कि मानक बायोमेट्रिक कैप्चर.”

उन्होंने कहा कि कथित यूएई पासपोर्ट में, मशीन रीडेबल ज़ोन (एमआरजेड) में दिखाया गया देश कोड एक अलग देश कोड को दर्शाता है, जबकि आईडी अनुक्रम असंगत था. उन्होंने कहा कि एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट में ‘मुद्रित क्षेत्र और एमआरजेड के बीच समाप्ति तिथि में विसंगति' है. इसमें वर्तनी की गलतियां और अरबी भाषा के गलत संदर्भ भी हैं. स्वामित्व दस्तावेज का क्यूआर कोड अमान्य प्रतीत होता है और किसी भी प्रामाणिक रिकॉर्ड से नहीं जुड़ता है.

मुख्यमंत्री ने कहा, “ये विसंगतियां स्पष्ट रूप से मनगढ़ंत कहानी या डिजिटल हेरफेर की ओर इशारा करती हैं. सच्चाई की जीत होगी. गलत सूचना फैलाने वालों को जवाबदेह ठहराया जाएगा.” शर्मा ने जोर देकर कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि खेड़ा का “झूठ का अभियान” अब समाप्त होने वाला है. अंततः श्रीमान खेड़ा जेल जाएंगे.

भुइयां शर्मा ने एक्स पोस्ट में क्या कहा? 

उनकी पत्नी ने कहा कि उन्हें एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता से बुनियादी सावधानी बरतने की उम्मीद थी, न कि “काल्पनिक पासपोर्ट और दस्तावेजों की घटिया ढंग से गढ़ी गई छवियों को प्रसारित करने” की. भुइयां शर्मा ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि अब कानून अपना काम करेगा और “आपराधिक आरोप लगाए गए हैं और हम इसे अदालत में आगे बढ़ा सकते हैं”.

असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने क्या-क्या कहा? 

मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के खिलाफ खेड़ा द्वारा लगाए गए आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई ने कहा कि एक से अधिक पासपोर्ट रखना और संपत्तियों का खुलासा न करना एक गंभीर और अपराध है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोगोई ने कहा, “हिमंत ‍विश्व शर्मा से जुड़े चौंकाने वाले आरोप सामने आए हैं. एक से अधिक पासपोर्ट रखना और संपत्तियों का खुलासा न करना एक गंभीर और आपराधिक अपराध है.” गोगोई ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, “उन्होंने असम से अपने विदेशी बैंक खातों में कितना पैसा भेजा है? और अधिक जांच की आवश्यकता है.” उन्होंने दावा किया कि शर्मा असम राज्य और भारत के लिए एक ‘शर्मिंदगी' बन गए हैं और उन्हें अपने अपराध की सजा भुगतनी पड़ेगी.

BJP सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जारी किए गए दस्तावेजों में कई बड़ी गलतियां हैं. हिमंत बिस्वा सरमा के नाम में 'Sarma' की जगह उपनाम गलत तरीके से 'Sharma' लिखा गया है. ऐसा लगता है कि फोटो पब्लिक डोमेन में उपलब्ध तस्वीरों से ली गई है. राष्ट्रीयता मिस्र की दिखाई गई है, जबकि पासपोर्ट एंटीगुआ और बारबुडा का है. यह सब साफ तौर पर दिखाता है कि ये दस्तावेज मनगढ़ंत और गुमराह करने वाले हैं, जिन्हें शायद राज्य में चुनावों से पहले हताशा और निराशा में बनाया गया है.

ये भी पढ़ें :  पासपोर्ट वाले कांग्रेस के आरोपों पर हिमंता का पलटवार, कहा- 48 घंटे में करेंगे केस, जेल जाएंगे खेड़ा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam Assembly Elections 2026: Chief Minister Himanta Biswa Sarma, Gaurav Gogoi, Pawan Khera, Bhuiyan Sharma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com