- ग्रेटर नोएडा में थार गाड़ी ने मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर पांच से सात किलोमीटर तक घसीटा
- मोटरसाइकिल में आग लग गई और उस पर सवार युवक घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज की आवश्यकता है
- थार चालक ने पेट्रोल पंप पर डीजल लिया और बिना भुगतान किए ऑनलाइन भुगतान का बहाना बनाकर फरार होने की कोशिश की
महिंद्रा थार का कहर सड़कों पर आए दिन देखने को मिलता है. अब एक बार फिर ग्रेटर नोएडा में थार का तांडव देखने को मिला है, जहां मोटरसाइकिल को टक्कर मारने के बाद करीब 5 से 7 किलोमीटर तक घसीटा गया. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इस दौरान मोटरसाइकिल में आग लग गई और उस पर सवार युवक भी घायल हो गया. थार सवार युवक ने जीटी रोड पर स्थित पेट्रोल पंप से बिना भुगतान किए फरार होने की कोशिश की जिसके बाद कर्मचारी का पीछा करने पर मोटरसाइकिल में टक्कर मारी दी.

यह घटना शुक्रवार शाम बादलपुर थाना क्षेत्र के धूम मानिकपुर स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुई. थार सवार युवक ने डीजल डलवाया और ऑनलाइन भुगतान का बहाना बनाकर गाड़ी भगा दी. पेट्रोल पंप के सेल्समेन कुलदीप शर्मा ने अपनी मोटरसाइकिल से उसका पीछा किया. पीछा करने के दौरान थार सवार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे सेल्समेन कुलदीप शर्मा घायल हो गया.
टक्कर के बाद मोटरसाइकिल थार गाड़ी के आगे फंस गई. थार सवार उसे एनएच 91 पर लगभग 5 से 7 किलोमीटर तक घसीटता रहा. घसीटने के दौरान मोटरसाइकिल में आग लग गई और उससे लपटें उठने लगीं.

घटना की सूचना मिलने पर जारचा और कोट चौकी पुलिस ने घेराबंदी की. पुलिस ने लुहारली टोल प्लाजा के पास थार गाड़ी को रोक लिया और उसमें सवार युवक को हिरासत में ले लिया. बादलपुर पुलिस ने थार गाड़ी को भी जब्त कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है. हिरासत में लिए गए थार ड्राइवर की पहचान हर्ष के रूप में हुई है जो 22 साल का है और सिकंदराबाद थाने के जोली गांव का रहने वाला है. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं