विज्ञापन

'हिंदुओं को डराने के लिए बकरे लाए जा रहे हैं', किरीट सोमैया बोले- मीरा रोड को 'मिनी पाकिस्तान' बनाया जा रहा

मीरा रोड के नया नगर इलाके को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने ‘मिनी पाकिस्तान’ बनने का आरोप लगाया. उन्होंने सोसाइटियों में बकरे लाने और खुले में कुर्बानी का विरोध किया है.

'हिंदुओं को डराने के लिए बकरे लाए जा रहे हैं', किरीट सोमैया बोले- मीरा रोड को 'मिनी पाकिस्तान' बनाया जा रहा
नई दिल्ली:

महाराष्ट्र के मीरा रोड स्थित नया नगर इलाके को लेकर बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने तीखा बयान दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्व इस इलाके को 'मिनी पाकिस्तान' बनाने की कोशिश कर रहे हैं और जानबूझकर रिहायशी सोसाइटियों में बकरे लाकर तनाव पैदा किया जा रहा है. सोमैया ने कहा कि यह कदम स्थानीय हिंदू, खासकर जैन और शाकाहारी परिवारों को डराने की साजिश का हिस्सा है.

सोसाइटियों में कुर्बानी को लेकर विवाद

किरीट सोमैया ने साफ कहा कि किसी भी हाउसिंग सोसाइटी, कॉम्प्लेक्स या चौल में खुले में बकरा काटने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उनका कहना है कि कुर्बानी के लिए उचित व्यवस्था मटन शॉप या बाजारों में होनी चाहिए, न कि रिहायशी इलाकों में. उन्होंने कहा, 'त्योहारों का इस्तेमाल किसी भी तरह के कट्टरपंथ या दूसरे समुदाय को डराने के लिए नहीं होना चाहिए.'

यह भी पढ़ें- नमक से बम बनाने की कोशिश, फ्लैट में बना रखी थी मिनी लैब... रेड फोर्ट ब्लास्ट में अब क्या-क्या खुलासे हुए?

‘हिंदुओं को डराने की साजिश' का आरोप

सोमैया ने आरोप लगाया कि जानबूझकर हिंदू बस्तियों में जाकर बकरे लाए जा रहे हैं, ताकि वेजिटेरियन और जैन परिवारों में डर का माहौल बनाया जाए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी ने धर्म के कार्यक्रम का उपयोग नफरत फैलाने के लिए किया, तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

प्रशासन ने की कार्रवाई का दावा

बीजेपी नेता के मुताबिक, शिकायत के बाद स्थानीय प्रशासन सक्रिय हुआ है. महापालिका, जिलाधिकारी और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की है. सोसाइटियों में लाए गए आधे से ज्यादा बकरों को हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया गया. बाकी को भी वहां से हटाने की प्रक्रिया जारी है.

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

सोमैया ने चेतावनी देते हुए कहा कि आज तो सिर्फ बकरे हटाए गए हैं, लेकिन आगे दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दिनों पहले इलाके में सुरक्षा गार्ड पर हुए हमले जैसे घटनाओं पर विपक्षी नेता चुप रहे.

राजनीतिक और सामाजिक तनाव बढ़ने की आशंका

इस बयान के बाद स्थानीय स्तर पर मामला संवेदनशील हो गया है. एक तरफ जहां बीजेपी नेता इसे कानून-व्यवस्था और सामाजिक संतुलन का मुद्दा बता रहे हैं, वहीं इस पर अन्य पक्षों से प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com