विज्ञापन

ईरान पर फिर अमेरिका का हमला, होर्मुज से लगे बंदर अब्बास में धमाके, कहा- सेल्फ डिफेंस में किया

US Attack on Iran: सीजफायर के बीच ईरान पर फिर अमेरिका का हमला, इसबार होर्मुज से लगे ईरान के दक्षिणी इलाके बंदर अब्बास में मिसाइल लॉन्च साइट्स और माइन्स बिछाने वाली नावों को निशाना बनाया गया है.

ईरान पर फिर अमेरिका का हमला, होर्मुज से लगे बंदर अब्बास में धमाके, कहा- सेल्फ डिफेंस में किया
US-Iran War News Updates: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सेना ने फिर ईरान पर हमला किया
  • अमेरिका ने ईरान के मिसाइल लॉन्च साइट्स और बारूदी सुरंगें लगाने वाली नावों पर आत्मरक्षा के लिए हमला किया है
  • अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि यह हमला सैनिकों की सुरक्षा के लिए और खतरे से बचाने के लिए किया गया है
  • ईरान के बंदर अब्बास में तीन धमाकों की आवाज सुनाई दी और वहां एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिया गया है

US-Iran-Israel War, West Asia Conflict News: अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है. दोनों देशों के बीच युद्ध रोकने के लिए सीजफायर और बातचीत चल रही थी, लेकिन इसी दौरान अमेरिका ने ईरान पर “सेल्फ-डिफेंस स्ट्राइक” यानी आत्मरक्षा के नाम पर हमला कर दिया. इस हमले के बाद शांति वार्ता पर खतरा मंडराने लगा है. अमेरिका ने दावा किया कि उसने अपने सैनिकों की सुरक्षा के लिए ईरानी मिसाइल लॉन्च साइट्स और माइन्स बिछाने वालीं नावों को निशाना बनाया है. दूसरी तरफ ईरान के बंदर अब्बास इलाके में कई धमाकों की आवाज सुनी गई, जिसके बाद वहां एयर डिफेंस सिस्टम भी सक्रिय कर दिया गया. इस घटनाक्रम ने पूरे क्षेत्र में फिर से तनाव बढ़ा दिया है.

अमेरिका ने क्या कहा?

अमेरिकी सेना ने सोमवार को ईरान के मिसाइल लॉन्च साइट्स और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास मौजूद नावों पर “सेल्फ-डिफेंस स्ट्राइक” यानी आत्मरक्षा में हमला किया. यह जानकारी अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने दी. CNN की रिपोर्ट के अनुसार सेंटकॉम के प्रवक्ता टिमोथी हॉकिंस ने कहा, “अमेरिकी सेना ने आज दक्षिणी ईरान में आत्मरक्षा के तहत हमला किया, ताकि ईरानी बलों से हमारे सैनिकों को होने वाले खतरे से बचाया जा सके.” 

उन्होंने आगे कहा, “निशानों में मिसाइल लॉन्च साइट्स और ऐसी ईरानी नावें शामिल थीं जो समुद्र में बारूदी सुरंगें (माइन्स) लगाने की कोशिश कर रही थीं. अमेरिकी सेंट्रल कमांड सीजफायर के दौरान संयम बरतते हुए भी अपने सैनिकों की रक्षा करता रहेगा.”

बता दें कि इससे पहले भी सीजफायर के दौरान अमेरिका और ईरानी बलों के बीच झड़प हो चुकी है. मई की शुरुआत में अमेरिकी सेना ने ईरान की उन सैन्य सुविधाओं को निशाना बनाया था, जिन पर अमेरिकी युद्धपोतों पर “बिना उकसावे” के मिसाइल, ड्रोन और छोटी नावों से हमले करने का आरोप था. ये युद्धपोत होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे थे.

ईरान से क्या खबर आई है?

मंगलवार तड़के ईरान के बंदरगाह शहर बंदर अब्बास में तीन धमाकों की आवाज सुनी गई. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने “सूत्रों” के हवाले से एक छोटे बयान में यह जानकारी दी. धमाकों की वजह की तुरंत आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई लेकिन अब अमेरिका ने खुद बता दिया है कि हमला उसकी तरफ से किया गया.

बाद में IRGC ने एक और बयान में कहा कि बंदर अब्बास एयरपोर्ट के पास विस्फोट की आवाज सुनी गई है. यह भी कहा कि बंदर अब्बास में ईरान का एयर डिफेंस सिस्टम “दुश्मन के निशानों का मुकाबला करने के लिए सक्रिय कर दिया गया है." वहीं ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (इरना) ने भी बताया कि आधी रात के आसपास बंदर अब्बास शहर में लगातार कई धमाकों की आवाज सुनी गई.  ईरान की अर्ध-सरकारी फार्स न्यूज एजेंसी ने चश्मदीदों के हवाले से कहा कि फारस की खाड़ी में सीरिक और जास्क के पास भी इसी तरह की आवाजें सुनी गईं.

इससे पहले खबरों में कहा गया था कि ईरान की सेना ने फारस की खाड़ी क्षेत्र में एक दुश्मन ड्रोन को मार गिराया है.

बंदर अब्बास दक्षिणी ईरान में स्थित है जहां ईरान का एक अहम नौसैनिक और वायुसेना अड्डा मौजूद है. बंदर अब्बास रणनीतिक रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य के किनारे है.
 

यह भी पढ़ें: ईरान-इजरायल-पाकिस्तान-सऊदी बन सकते हैं दोस्त, ट्रंप ने अब्राहम समझौते को लेकर की बड़ी बात

लेखक के बारे में
img
Ashutosh Kumar Singh
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Attack On Iran, US Iran War, US Iran War Updates
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com