विज्ञापन

'जॉम्‍बी ड्रग' नहीं, ये है वायरल वीडियो का सच... ठाणे पुलिस ने बताया कैसे बिगड़ी युवक की हालत 

सोशल मीडिया पर 15 अप्रैल को एक वीडियो सामने आया था, जिसमें महाराष्ट्र के ठाणे के भायंदर इलाके में एक व्यक्ति अजीब सी हालत में खड़ा दिखाई दे रहा था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चा शुरू हो गई थी. 

'जॉम्‍बी ड्रग' नहीं, ये है वायरल वीडियो का सच... ठाणे पुलिस ने बताया कैसे बिगड़ी युवक की हालत 
ठाणे पुलिस ने बताया कि शख्‍स ने अत्यधिक मात्रा में दर्द निवारक दवा ‘प्रेगाबालिन' ली थी.
  • ठाणे पुलिस ने साफ किया कि वायरल वीडियो में दिख रहा युवक जॉम्बी ड्रग के प्रभाव में नहीं , बल्कि नशे का आदी था.
  • युवक ने दर्द निवारक दवा प्रेगाबालिन की अत्यधिक मात्रा ली थी, जिससे उसकी अजीब हालत हो गई थी.
  • जांच के दौरान पता चला कि यह वीडियो 13 अप्रैल की रात करीब 10 बजे रिकॉर्ड किया गया था.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

महाराष्‍ट्र से सामने आए एक वीडियो ने प्रदेश में 'जॉम्‍बी ड्रग' की एंट्री को लेकर पुलिस की चिंता बढ़ा दी थी. हालांकि ठाणे पुलिस ने मंगलवार को यह साफ कर दिया कि वायरण वीडियो में सड़क पर विचित्र हालात में दिख रहा युवक जॉम्‍बी ड्रग के प्रभाव में नहीं था. पुलिस ने बताया कि युवक नशे का आदी है. इसी के चलते उसने दर्द निवारक दवा की बहुत ज्‍यादा डोज ली थी. इस मामले में सोशल मीडिया पर 15 अप्रैल को एक वीडियो सामने आया था, जिसमें महाराष्ट्र के ठाणे के भायंदर इलाके में एक व्यक्ति अजीब सी हालत में खड़ा दिखाई दे रहा था. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चा शुरू हो गई थी. 

इस मामले में अब ठाणे पुलिस ने बताया कि शख्‍स ने अत्यधिक मात्रा में दर्द निवारक दवा ‘प्रेगाबालिन' ली थी. मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लिया गया और अपराध जांच शाखा को व्यक्ति का पता लगाने के साथ ही सोशल मीडिया के दावों की जांच का निर्देश दिया गया था, जिनमें कहा गया था कि वह कथित ‘जॉम्बी ड्रग' के असर में था. 

ये भी पढ़ें: नासिक TCS कांड में बड़ा खुलासा: दो महीने से ठाणे में रह रही थी निदा खान, पति बोला– किसी और महिला के साथ चली गई

13 अप्रैल की रात को रिकॉर्ड किया गया वीडियो

पुलिस ने कहा, ‘‘जांच के दौरान पता चला कि यह वीडियो 13 अप्रैल की रात करीब 10 बजे रिकॉर्ड किया गया था. फुटेज में दिख रहे व्यक्ति की पहचान नेपाल के अछाम जिले में रहने वाले 22 वर्षीय श्रमिक समीर राजेंद्र रावल के रूप में हुई. वह फिलहाल मुंबई में बोरीवली रेलवे स्टेशन के बाहर फुटपाथ पर रह रहा है.''

पुलिस ने बताया कि 17 अप्रैल को वह व्यक्ति भायंदर की एक सड़क पर मिला और पूछताछ में उसने बताया कि वह काम की तलाश में पिछले महीने नेपाल से आया था और नसों के दर्द के इलाज के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दवा ‘प्रेगाबालिन' की गोलियां लेने का पिछले दो साल से आदी है. 

पुलिस ने कहा, ‘‘उसने बताया कि वह 10 गोलियों का पत्ता 100 रुपये में खरीदता था और नशे के लिए उनका इस्तेमाल करता था.''

ये भी पढ़ें: नौकरी के बहाने युवती को बनाया बंधक; ठाणे में 15वीं मंजिल से पुलिस ने छुड़ाया, गंदे काम में लगाने की थी साजिश

एक साथ 5 गोलियां खाने से बिगड़ी हालत

पुलिस के अनुसार, भायंदर आने के बाद उसने नवघर के एक मेडिकल स्टोर से बिना किसी पर्चे के ये गोलियां खरीदीं. उसने 13 अप्रैल को एक साथ प्रेगाबालिन की पांच गोलियां खा लीं. इसके बाद भायंदर इलाके में चलते समय उसे चक्कर आने लगे और वह हिल-डुल नहीं पा रहा था इसलिए वह एक ही जगह खड़ा रह गया. 

पुलिस ने कहा, ‘‘यह स्थापित हुआ है कि नसों के दर्द के इलाज में इस्तेमाल होने वाली ‘शेड्यूल-एच' दवा ‘प्रेगाबालिन' के अत्यधिक सेवन के कारण यह घटना हुई. इसका ‘जॉम्बी ड्रग' जैसी किसी चीज से कोई लेना-देना नहीं है.''

उन्होंने कहा कि एक दल ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के अधिकारियों के साथ मिलकर उस मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया, जहां से गोलियां खरीदी गई थीं और जांच में पता चला कि वीडियो वायरल होने के बाद दुकानदार इलाका छोड़कर चला गया. 

पुलिस ने बताया कि बिना वैध पर्चे के ‘शेड्यूल-एच' दवाएं अवैध रूप से बेचने के मामले में मेडिकल स्टोर के मालिक के खिलाफ जरूरी कार्रवाई करने के लिए ठाणे के एफडीए को रिपोर्ट भेज दी गई है. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com