विज्ञापन
This Article is From Jul 05, 2019

मंत्री ने बांध टूटने के लिए केकड़ों को बताया जिम्मेदार, तो NCP कार्यकर्ता हाथ में केकड़े लेकर पहुंच गए थाने और बोले...

महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना के मंत्री तानाजी सावंत ने रत्नागिरी में बांध टूटने की घटना के लिए केकड़ों को जिम्मेदार ठहरा दिया है.

Also Read in
मंत्री ने बांध टूटने के लिए केकड़ों को बताया जिम्मेदार, तो NCP कार्यकर्ता हाथ में केकड़े लेकर पहुंच गए थाने और बोले...
तानाजी सावंत ने रत्नागिरी में बांध टूटने की घटना के लिए केकड़ों को जिम्मेदार ठहराया है.
ठाणे:

महाराष्ट्र सरकार में शिवसेना के मंत्री तानाजी सावंत ने रत्नागिरी में बांध टूटने की घटना के लिए अजीब तर्क दिया है. उन्होंने इस पूरी घटना के लिए केकड़ों को जिम्मेदार ठहरा दिया है. राज्य के जल संरक्षण मंत्री तानाजी सावंत ने दावा किया कि तिवेर बांध में पिछले 15 सालों से पानी संरक्षित हो रहा है, लेकिन इसके पहले इसमें कोई दरार नहीं आई थी. सावंत ने कहा, "बांध साल 2004 में बना था और तब से इसमें कोई दरार नहीं आई.. हालांकि, बांध में केकड़ों की बड़ी समस्या है और इसी कारण से बांध में दरार आई है." घटना को भारी आपदा बताते हुए मंत्री ने कहा कि दो दिन पहले क्षेत्र में भारी बारिश हुई थी. बारिश 192 मिलीमीटर हुई थी, जिससे बांध का जल स्तर सिर्फ आठ घंटों में आठ मीटर ऊपर उठ गया था.  

महाराष्ट्र: रत्नागिरी में बांध टूटने से आई बाढ़, 9 की मौत तो 18 से ज्यादा लोग लापता, दर्जनभर मकान पानी में बहे

उन्होंने कहा कि भेंदेवाड़ी गांव के निवासियों ने सरकार को बांध में दरार की समस्या से अवगत कराया था और अधिकारियों ने इस पर कार्रवाई की थी. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रवक्ता नवाब मलिक ने सावंत पर हमला करते हुए इसे उनकी पार्टी (शिवसेना) के विधायक का शर्मनाक बचाव करना बताया, जो बांध का ठेकेदार था. मलिक ने कहा, "आप एक बड़ी और भ्रष्ट शार्क को बचाने के लिए तुच्छ केकड़ों पर आरोप लगाना चाहते हैं? इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है. इसकी जांच होनी चाहिए और उन्हें दण्ड मिलना चाहिए." दूसरी तरफ, तानाजी सावंत के इस बयान के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के महासचिव जितेंद्र आव्हाड के नेतृत्व में राकांपा कार्यकर्ता हाथ में केकड़े लेकर नौपाड़ा पुलिस थाने पहुंच गए और पुलिस से केकड़ों को ‘गिरफ्तार' करने का अनुरोध किया.  

मुंबई : प्री मॉनसून बारिश में 13 लोगों की मौत

पत्रकारों से बातचीत में आव्हाड ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार बेशर्म है और सावंत उस ठेकेदार को बचाने की कोशिश कर रहे है जो इस हादसे के लिए जिम्मेदार है. उन्होंने कहा, ‘23 लोग डूब गए, कुछ अब भी लापता हैं लेकिन मंत्री का दावा है कि केकड़ों ने बांध को कमजोर किया.' वहीं, कोल्हापुर में राकांपा की युवा शाखा ने शाहुपुरी पुलिस थाने में एक ज्ञापन पत्र सौंपकर केकड़ों के खिलाफ ‘मामला' दर्ज करने की मांग की थी. राकांपा प्रदेश युवा शाखा के प्रमुख महबूब शेख ने कहा, ‘‘अगर मंत्री सोचते हैं कि केकड़ों ने बांध तोड़ा तो केकड़ों के खिलाफ हत्या के लिए आईपीसी की धारा 302 के तहत मामला दर्ज होना चाहिए'  आपको बता दें कि मुंबई से करीब 250 किलोमीटर दूर चिपलुन के समीप तिवारे बांध मंगलवार रात को मूसलाधार बारिश के बाद टूट गया था. घटना में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है. (इनपुट-एजेंसियां)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Tanaji Sawant, NCP, Maharashtra Dam Burst
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com