- महाराष्ट्र के किसानों को 5000 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी.
- दिवाली से पहले 5000 रुपये सीधे अकाउंट में भेजने का फैसला.
- महाराष्ट्र सरकार ने अधिकारियों को पैसे भेजने के निर्देश दिए हैं.
दिवाली से पहले महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के किसानों के लिए खजाना खोल दिया है. इसके तहत राज्य के गंभीर सूखा-प्रभावित किसानों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने 5000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का फैसला किया है. बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार के इस कदम से राज्य के करीब 1.5 करोड़ किसानों को सीधा लाभ पहुंचेगा.
मंत्रिमंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि इस राहत राशि को इसी सप्ताह सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (DBT) के जरिए ट्रांसफर किया जाए, ताकि किसान परिवार त्योहारी सीजन में अपनी जरूरतें पूरी कर सकें.
नहीं होगी किसानों से पुराने कर्ज की वसूली
सरकार ने बैंक अधिकारियों को यह सख्त निर्देश भी जारी किए हैं कि इस राहत राशि में से किसानों के पुराने कर्ज या बकाये की वसूली के रूप में कोई भी पैसा न काटा जाए, ताकि सहायता का पूरा लाभ किसानों तक पहुंच सके. इस पूरी योजना के तहत राज्य सरकार के खजाने पर लगभग 7,500 करोड़ रुपये का वित्तीय बोझ आने का अनुमान है.
महाराष्ट्र के 34 जिलों के 305 तालुकों में सूखा घोषित
इस बार मानसूनी बारिश की कमी और सूखे की वजह से महाराष्ट्र के 34 जिलों में आने वाले 305 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया गया है. यह क्षेत्र राज्य का लगभग 75% हिस्सा है, जिसमें मराठवाड़ा, विदर्भ, उत्तर महाराष्ट्र और पुणे संभाग के कई जिले गंभीर रूप से प्रभावित हुए हैं. फसल खराब होने और पानी की कमी से जूझ रहे ग्रामीण परिवारों के लिए सरकार की यह वित्तीय मदद एक बड़ा संबल साबित होगी.
यह भी पढ़ें | पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त जारी होने की आ गई डेट, दिवाली से पहले 30 अक्तूबर को सीधे अकाउंट में आएंगे 2000
यह भी पढ़ें | देश में रिकॉर्ड 11 करोड़ किसानों को फार्मर आईडी बनी, कागजी झंझट खत्म, कर्ज-फसल बीमा समेत ये 5 फायदे मिलेंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं