MLC Election Results LIVE: चार राज्यों की 28 सीटों पर हुए एमएलसी चुनावों के नतीजे आज आ रहे हैं. बिहार की 8, उत्तर प्रदेश की 11, कर्नाटक की 4 और महाराष्ट्र की 5 विधान परिषद सीटों पर चुनाव हुए थे, जिसके नतीजे आज आ रहे हैं. काउंटिंग सेंटरों पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा की गई है. सुबह 8 बजे से आज वोटों की गिनती शुरू हो चुकी है. इन चुनावों के रिजल्ट एनडीए और इंडिया गठबंधन के लिहाज से भी अहम माने जा रहे हैं. मतगणना को लेकर सभी राज्यों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. उत्तर प्रदेश में कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव हैं, इस लिहाज से यह एमएलसी चुनाव के नतीजे राज्य की राजनीति के लिहाज से अहम है. इसके अलावा सबसे दिलचस्प मुकाबला बिहार में दिख रहा है. पटना स्नातक सीट पर जेडीयू के विधायक रहे अनंत सिंह ने खुलकर पार्टी के प्रत्याशी नीरज सिंह का विरोध किया था और जनसुराज के अनुज सिंह का समर्थन किया था. जिसके बाद अनंत सिंह को पार्टी से हटा दिया गया. ऐसे में यहां के नतीजों पर सबकी नजरें हैं. वोटिंग शुरू हो चुकी है. सभी राज्यों में बनाए गए मतगणना केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है.
MLC Chunav Result LIVE: 27 October Vote Couting
यूपी में सपा प्रत्याशी मतगणना स्थल पर पहुंचे
यूपी में सपा प्रत्याशी मतगणना स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए हैं. समाजवादी पार्टी के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार सुशील कुमार का कहना है 'मैं प्रशासन से आग्रह करता हूं कि वे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और शुचिता बनाए रखें. यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि चुनाव प्रक्रिया पर सरकार या किसी अन्य पक्ष का कोई बाहरी दबाव न पड़े. यह उनका संवैधानिक कर्तव्य है. यदि वे अपने इस संवैधानिक दायित्व को पूरा करते हैं, तो समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार निश्चित रूप से विजयी होंगे.
अनंत सिंह ने अनुज सिंह की जीत का किया दावा
बिहार में पटना स्नातक सीट से जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह को विधायक अनंत सिंह ने खुला समर्थन दिया है. नतीजों से पहले ही अनंत सिंह ने अनुज सिंह की जीत का दावा किया है. उनका कहना है कि अनुज सिंह को अच्छा समर्थन मिला है और जीत उन्हीं की होगी. उनके घर पर एक दिन पहले से ही मिठाई बन रही है.
महाराष्ट्र एमएलसी चुनाव रिजल्ट
पुणे शिक्षक सीट: भाजपा उम्मीदवार कौस्तुभ गावड़े का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार जयंत असगांवकर से है. निर्दलीय उम्मीदवार सचिन सानप को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का समर्थन मिला है, जो महायुति गठबंधन के भीतर मतभेदों को उजागर करता है.
अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उम्मीदवार किरण सरनाइक, कांग्रेस उम्मीदवार अदिति पोहारे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं. भाजपा की बागी उम्मीदवार संगीता शिंदे और अन्य प्रत्याशियों के मैदान में होने से मुकाबला और दिलचस्प हो गया है.
महाराष्ट्र में बागी बिगाड़ सकते हैं खेल
महाराष्ट्र में एमएलसी चुनावों में महायुति और महा विकास अघाड़ी के उम्मीदवारों का खेल बागी बिगाड़ सकते हैं.
नागपुर स्नातक सीट: भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले का मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत वंजारी से है. भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सोले ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली है और कोहले को समर्थन दिया है.
पुणे स्नातक: भाजपा उम्मीदवार डॉ. स्मिता जाधव का मुकाबला एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की हर्षदा जाधव-देशमुख से है. शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार सुनील मोदी और अन्य उम्मीदवार भी मैदान में हैं.
छत्रपति संभाजीनगर स्नातक: अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के सतीश चव्हाण का मुकाबला शरद पवार गुट के उम्मीदवार से है. इस वजह से यह मुकाबला एनसीपी के दोनों गुटों के बीच काफी अहम हो गया है.
गोरखपुर में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
गोरखपुर में एमएलसी वोटों की गिनती से पहले मतगणना केंद्र के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, वहां कई परतों वाली बैरिकेडिंग की गई है और पुलिस बल तैनात किया गया है. इसके अलावा लखनऊ में भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त है.
पटना स्नातक से अनुज सिंह ने किया जीत का दावा
पटना स्नातक सीट से जनसुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह ने अपनी जीत का दावा कर दिया है. उन्होंने कहा 'मतदाताओं ने अपना फैसला ले लिया है, जन सुराज पटना ग्रेजुएट्स निर्वाचन क्षेत्र की सीट बड़े अंतर से जीतने जा रहा है. जिस जगह पर वोटों की गिनती हो रही है, वहां कोई CCTV कैमरा नहीं लगा है. यह सही नहीं है, हमें थोड़ी चिंता हो रही है. वहां CCTV कैमरे जरूर होने चाहिए. हमने रिटर्निंग ऑफिसर के सामने यह बात रखी है. जहां इतनी महत्वपूर्ण गिनती हो रही है, वहां काउंटिंग एजेंटों के बैठने की जगह बहुत गंदी है और वहां से बदबू आ रही है. ऊपर से वहां कोई CCTV कैमरा भी नहीं है. ऐसे में घबराहट होना स्वाभाविक है.
कर्नाटक की 4 एमएलसी सीटों के नतीजे आज
कर्नाटक की 4 एमएलसी सीटों के नतीजे आज आने वाले हैं. जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. कर्नाटक में बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है. हालांकि यहां भी बागियों ने कई सीटों पर मुकाबल दिलचस्प कर दिया है.
महाराष्ट्र की 5 एमएलसी सीटों के नतीजे आज
महाराष्ट्र की 5 एमएलसी सीटों के नतीजे आज आने वाले हैं. नागपुर, पुणे और छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल है, इसके अलावा दो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पुणे और अमरावती शामिल हैं. इन सीटों के लिए महायुति और महा विकास अघाड़ी के बीच मुकाबला है. हालांकि बागी उम्मीदवारों और सत्ताधारी गठबंधन के भीतर मतभेदों ने राजनीतिक दांव को और बढ़ा दिया है.
उत्तर प्रदेश एमएलसी चुनाव
उत्तर प्रदेश की 11 एमएलसी सीटों पर हुए चुनाव के नतीजे आज आ रहे है . यूपी में 5 स्नातक और 6 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पर 23 अक्तूबर को मतदान हुआ था. जिसमें लखनऊ डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट, वाराणसी डिवीजन ग्रेजुएट्स, मेरठ डिवीजन ग्रेजुएट्स, आगरा डिवीजन ग्रेजुएट्स, इलाहाबाद-झांसी डिवीजन ग्रेजुएट्स सीट शामिल है. वहीं वाराणसी डिवीजन टीचर्स, आगरा डिवीजन टीचर्स, बरेली-मुरादाबाद डिवीजन टीचर्स, गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन, लखनऊ डिवीजन टीचर्स सीट पर भी मतदान हो रहा है.
बिहार एमएलसी चुनाव
बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी. शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 4-4 सीटों के लिए मतगणना होनी है, जिसमें पटना शिक्षक और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के वोटों की गिनती बांकीपुर गर्ल्स स्कूल में होगी. वहीं तिरहुत स्नातक और तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की गिनती एमआईटी मुजफ्फरपुर में होगी. इसके अलावा दरभंगा शिक्षक और दरभंगा स्नातक के लिए वोटों की गिनती खेल भवन दरभंगा में होगी. सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की गिनती SVN गर्ल्स स्कूल छपरा और कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की गिनती बिहार बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय पूर्णिया में होगी. सभी जगहों पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम हैं.