महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में रातभर जमकर बारिश हुई, जिससे जन-जीवन पर असर पड़ा है. दूसरी ओर पालघर और ठाणे जिले में भी बारी वर्षा हुई है. पालघर में तो एक किसान नदी के तेज बहाव के साथ बह गया, जिसका पता नहीं चला है. उधर, ठाणे के क्लयाण में महावितरण बिजली विभाग का घोर लापरवाह रवैया देखने को मिला. यहां एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई.
ठाणे जिले के कल्याण क्षेत्र के हनुमान नगर इलाके में रहने वाली एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई. बच्चों के लिए नाश्ता लेने घर से बाहर निकली शशि चक्र को खुले में पड़े बिजली के तार से करंट लग गया. वह अपने पति राहुल चक्र और दो छोटे बच्चों के साथ रहती थीं. जब वह बच्चों के लिए नाश्ता लेने घर से बाहर निकलीं तो सड़क पर महावितरण का बिजली का तार खुला पड़ा हुआ था. पानी के कारण इलाके में करंट फैल गया था, जिससे शशि चक्र को जोरदार झटका लगा और उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिसकर्मी ने मांगी रिश्वत
इस घटना की जांच डोंबिवली की तिलक नगर पुलिस कर रही है. हालांकि, मृतका के पति राहुल चक्र ने आरोप लगाया है कि अस्पताल की कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए एक पुलिसकर्मी ने "खर्चा-पानी" यानी “रिश्वत” की मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह अपनी पत्नी की मौत के गहरे सदमे में थे, तब उनसे इस तरह की शर्मनाक मांग की गई.
इस घटना के बाद महावितरण की घोर लापरवाही के खिलाफ नागरिकों में भारी आक्रोश है और वे दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इसके साथ ही, जिस पुलिसकर्मी पर अस्पताल के खर्च और "खर्चा-पानी" के नाम पर पैसे मांगने का आरोप लगा है, उसकी भी निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग स्थानीय नागरिकों द्वारा की जा रही है.
पालघर में बहा किसान
वहीं, पालघर जिले में भारी बारिश के बीच डहाणू की सूर्या नदी में मछली पकड़ने उतरा एक किसान तेज बहाव में बह गया, जिसकी स्थानीय लोगों की मदद से तलाश की जा रही है. पालघर जिले में आज भी भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया गया है और लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं.
प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और हिदायत दी है कि वे उफनती नदियों से दूर रहें और अपनी जान जोखिम में डालकर मछली पकड़ने न जाएं.
ये भी पढ़ें- Mumbai School Closed: भारी बारिश के कारण मुंबई, ठाणे और पालघर में आज क्या बंद रहेंगे स्कूल और कॉलेज? जानें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं