महाराष्ट्र में पुणे के इंदापुर में जमीन के विवाद ने पिता-बेटों के रिश्ते को तार-तार कर दिया है. बेटों ने बीच सड़क में पिता को लाठियों से पीटा. इस दौरान पिता दर्द से कराहता रहा, लेकिन बेटों को दया नहीं आई. बेटे बेरहमी से पिता को पीटते रहे. इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है.
बेटों ने सरेराह पिता को पीटा
वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि इंदापुर के सलीम लॉन्स इलाके के पास 65 साल के एक बुजुर्ग को उसके ही दो बेटे लाठियों से पीट रहे हैं. बताया जा रहा है कि विवाद की जड़ पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड जमीन की बिक्री को लेकर शुरू हुआ था. बात इतनी बढ़ गई कि दोनों बेटों ने अपने ही पिता पर लाठियों से हमला कर दिया. पीड़ित बुजुर्ग की पहचान तुकाराम किसन राउत के रूप में हुई है.
पिता से मारपीट का वीडियो वायरल
बेटों द्वारा पीटे जाने की घटना के बाद तुकाराम ने इंदापुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर उसके दोनों बेटों संजय तुकाराम राउत और राजेंद्र तुकाराम राउत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. मारपीट के वीडियो के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. लेकिन घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि लालच इंसान को कितना अंधा कर देता है. लालच के आगे पिता, भाई जैसे रिश्ते भी मायने नहीं रखते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं