महाराष्ट्र के पुणे शहर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बोपदेव घाट स्थित गरवा होटल के पास बस स्टॉप पर बस का इंतजार कर रहे कॉलेज छात्रों तेज रफ्तार आयशर ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर मारने के बाद ट्रक मौके से फरार हो गया. मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी. इस दर्दनाक हादसे में 5 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे का CCTV फुटेज आया सामने
हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार वाहन छात्रों को टक्कर मारता दिखाई दे रहा है. इस घटना ने पूरे पुणे शहर को झकझोर कर रख दिया है और इलाके में शोक का माहौल है.
5 छात्र गंभीर रूप से घायल
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन छात्रों की मौत होने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. वहीं पांच छात्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर बस स्टॉप की ओर बढ़ा और वहां खड़े छात्रों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रों के बैग और अन्य सामान सड़क पर बिखर गए. स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया.
घटना की सूचना मिलते ही येवलेवाड़ी पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी. हादसे के कारण कुछ समय के लिए इलाके में यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर हादसा कैसे हुआ.
यह भी पढ़ें | नागपुर-अमरावती हाईवे पर बड़ा हादसा, होटल में भीषण आग से राजस्व अधिकारी की जिंदा जलकर मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं