विज्ञापन

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर ATS का शिकंजा, महाराष्ट्र में 102 ठिकानों पर एक साथ छापे

महाराष्ट्र एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क के खिलाफ राज्यभर में बड़ा अभियान शुरू किया है. 102 ठिकानों पर इस मामले को लेकर कार्रवाई चल रही है. 

पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क पर ATS का शिकंजा, महाराष्ट्र में 102 ठिकानों पर एक साथ छापे
महाराष्ट्र एटीएस ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी पर कार्रवाई की है.

Shahzad Bhatti ATS Action: महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) ने राज्य की सुरक्षा से जुड़े एक अहम मामले में बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की है. एटीएस की 14 क्षेत्रीय इकाइयों की 58 टीमों ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में एक साथ 102 ठिकानों पर तलाशी और पूछताछ अभियान चलाया. यह कार्रवाई पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उससे जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की गतिविधियों की जांच के लिए की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यह नेटवर्क सोशल मीडिया के जरिए भारत में युवाओं तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा था.

सोशल मीडिया के जरिए युवाओं तक पहुंचा 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शहजाद भट्टी और उसके कुछ सहयोगी फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर युवाओं से संपर्क साध रहे थे. जांच एजेंसियों के अनुसार, धार्मिक और सामाजिक रूप से संवेदनशील मुद्दों का सहारा लेकर युवाओं को प्रभावित करने और उन्हें देश विरोधी सोच की ओर धकेलने का प्रयास किया जा रहा था. अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों में ऑनलाइन प्रचार और व्यक्तिगत संपर्क दोनों का इस्तेमाल किया जाता है.

पैसों का लालच देकर नेटवर्क बढ़ाने की कोशिश

जांच में यह भी आशंका जताई गई है कि बेरोजगार और आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को आसान कमाई और अधिक पैसे का लालच देकर इस नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश की जा रही थी. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, ऐसे लोगों को स्लीपर सेल और स्थानीय एजेंट के रूप में तैयार करने की योजना हो सकती है. इसके अलावा खुफिया जानकारी जुटाने, ड्रग्स तस्करी और अवैध हथियारों की सप्लाई जैसे गंभीर मामलों की भी जांच की जा रही है.

अभिभावकों और युवाओं के लिए ATS की चेतावनी

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र एटीएस ने नागरिकों और अभिभावकों से सतर्क रहने की अपील की है. एजेंसी ने कहा है कि सोशल मीडिया पर किसी भी अजनबी व्यक्ति के साथ अनावश्यक संपर्क न बढ़ाएं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. अभिभावकों को बच्चों की इंटरनेट गतिविधियों पर नजर रखने और उनके व्यवहार में अचानक बदलाव दिखने पर सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील

एटीएस ने युवाओं को कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के झांसे से दूर रहने की चेतावनी दी है. एजेंसी का कहना है कि ऐसे ऑफर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं. साथ ही लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भरोसा न करने और बिना पुष्टि के किसी संदेश को आगे न बढ़ाने की अपील की गई है. महाराष्ट्र पुलिस और एटीएस ने साफ कहा है कि राज्य की शांति, सुरक्षा और अखंडता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें- 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra ATS, Shahzad Bhatti Gang, Pakistan Gangster Shahzad Bhatti, Maharashtra Police
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com