विज्ञापन

स्टील वाली पानी की हर बोतल के नीचे 303 क्यों लिखा होता है? ज्यादातर लोग नहीं जानते ये बात

स्टील की बोतल के नीचे की ओर 303 क्यों लिखा होता है.क्या ये कोई सीरियल नंबर है या कंपनी से जुड़ा हुआ कोड.जानिए 303 और 304 स्टेनलेस स्टील में क्या अंतर है, कौन-सा पानी पीने के लिए अच्छा माना जाता है और बोतल खरीदते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

स्टील वाली पानी की हर बोतल के नीचे 303 क्यों लिखा होता है? ज्यादातर लोग नहीं जानते ये बात
स्टील की बोतल को लेकर ये बात नहीं जानते होंगे आप

Steel Bottle 303 Meaning: घर में हो, ऑफिस जा रहे हों या फिर कहीं सफर में हों... आजकल स्टील की पानी की बोतल करीब-करीब हर किसी के पास होती है. लेकिन क्या आपने कभी उस बोतल को पलटकर नीचे की ओर देखा है. कई स्टील की बोतलों के नीचे '303' लिखा मिलता है. इसे देखकर बहुत से लोगों को लगता है कि शायद यह कंपनी का कोई सीरियल नंबर होगा या फिर डिजाइन से जुड़ा कोई कोड, लेकिन सच इससे बिल्कुल अलग है. यह नंबर स्टील की क्वालिटी और उसके यूज से जुड़ी एक अहम जानकारी देता है. आइए जानते हैं कि आखिर 303 का मतलब क्या होता है और क्या ऐसी बोतल में पानी पीना सही है.

आखिर क्या होता है 303

303 कोई रैंडम नंबर नहीं है. यह स्टेनलेस स्टील (Stainless Steel) की एक ग्रेड है. यानी इससे पता चलता है कि बोतल बनाने में किस तरह का स्टील इस्तेमाल किया गया है. 303 ग्रेड स्टील में मुख्य रूप से क्रोमियम (Chromium) और निकेल (Nickel) होता है. इसके अलावा इसमें थोड़ी मात्रा में सल्फर (Sulfur) भी मिलाया जाता है. यही सल्फर इस स्टील को मशीन से आसानी से काटने, घिसने और आकार देने लायक बनाता है, इसलिए फैक्ट्री में इससे पार्ट्स बनाना आसान और सस्ता पड़ता है.

हर स्टील की बोतल में 303 क्यों नहीं लिखा होता है

303 स्टील को मशीन पर बनाना आसान जरूर होता है, लेकिन इसकी एक कमजोरी भी है. इसमें मौजूद सल्फर की वजह से इसकी जंग से बचने की क्षमता (Corrosion Resistance) कम हो जाती है. यानी अगर यह लंबे समय तक नमी, नमक या ज्यादा एसिड वाली जगह में रहे तो दूसरे स्टील ग्रेड के मुकाबले जल्दी असर दिखा सकता है.

क्या 303 स्टील फूड ग्रेड माना जाता है

303 स्टेनलेस स्टील को आमतौर पर फूड ग्रेड के लिए पहली पसंद नहीं माना जाता है. अगर ऐसी बोतल या बर्तन को लंबे समय तक ज्यादा गर्म तापमान पर इस्तेमाल किया जाए तो इसकी सतह की सेफ्टी कम हो सकती है. इसी वजह से खाने-पीने के बर्तनों के लिए दूसरी ग्रेड ज्यादा पसंद की जाती हैं. हालांकि, हल्के इस्तेमाल और कम जंग वाले माहौल में कुछ जगहों पर इसका यूज किया जा सकता है.

पानी की बोतलों के लिए सबसे अच्छा स्टील कौन-सा है?

अगर आपने नई स्टील की बोतल खरीदनी है तो 304 स्टेनलेस स्टील सबसे अच्छा माना जाता है. 304 ग्रेड में सल्फर नहीं होता है, इसलिए इसकी सतह पर एक मजबूत सेफ्टी लेयर बनती है, जो इसे जंग लगने से बचाती है. यही वजह है कि बाजार में मिलने वाली अच्छी क्वालिटी की ज्यादातर स्टील बोतलों, टिफिन और किचन के बर्तनों में 304 स्टील का इस्तेमाल किया जाता है.

303 और 304 में अंतर क्या है

303 स्टील

मशीन से आसानी से बन जाता है.

सल्फर होने की वजह से जंग से बच नहीं पाता है.

वेल्डिंग के लिए ज्यादा अच्छा नहीं माना जाता है.

फूड ग्रेड के लिए पहली पसंद नहीं है.

304 स्टील

जंग से बचने की क्षमता काफी बेहतर होती है.

फूड और पानी से जुड़े सामान में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होता है.

मजबूत और लंबे समय तक चलने वाला माना जाता है.

वेल्डिंग और अलग-अलग डिजाइन बनाने के लिए भी बेहतर है.

क्या 303 वाली बोतल में पानी पीना सेफ है

अगर किसी बोतल पर 303 लिखा है तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन खरीदते समय यह जरूर देख लें कि वह किस इस्तेमाल के लिए बनाई गई है. अगर आप रोजाना पानी पीने के लिए स्टील की बोतल खरीद रहे हैं, तो 304 या 316 ग्रेड वाली बोतल लेना ज्यादा बेहतर और सेफ माना जाता है. यही वजह है कि बड़ी कंपनियां भी इन्हीं ग्रेड का ज्यादा इस्तेमाल करती हैं.

स्टील की बोतल खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें

स्टील की बोतल खरीदते समय सिर्फ डिजाइन या कीमत देखने की बजाय हमेशा नीचे या पैकेजिंग पर लिखी स्टील ग्रेड जरूर चेक करना चाहिए. अगर उस पर 304, 18/8 या 18/10 लिखा हो, तो इसे अच्छी क्वालिटी का माना जाता है. वहीं 316 ग्रेड और भी बेहतर माना जाता है, खासकर उन लोगों के लिए जो ज्यादा टिकाऊ और प्रीमियम बोतल चाहते हैं.

ये भी पढ़ें - Gen-Z के बाद चर्चा में आया Gen Alpha क्या है? जान लीजिए जवाब

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Stainless Steel, Steel Bottle, Water Bottle
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com