विज्ञापन

नागपुर में 16 वर्षीय बेटी से देह व्यापार कराने के आरोप में मां गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

नागपुर के कलमना इलाके में क्राइम ब्रांच ने एक महिला को अपनी 16 वर्षीय बेटी से कथित तौर पर देह व्यापार कराने के आरोप में गिरफ्तार किया है.

नागपुर में 16 वर्षीय बेटी से देह व्यापार कराने के आरोप में मां गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच की कार्रवाई
नागपुर में मां अपनी ही बेटी के देह व्यापार के आरोप में गिरफ्तार हुई है.

महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. कलमना थाना क्षेत्र के भगत नगर इलाके में क्राइम ब्रांच की सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. उस पर आरोप है कि वह अपनी ही 16 वर्षीय नाबालिग बेटी से देह व्यापार करा रही थी. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान नाबालिग समेत दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला.

गुप्त सूचना के बाद बिछाया गया जाल

पुलिस को सूचना मिली थी कि भगत नगर स्थित एक किराए के मकान में अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं. सूचना की पुष्टि करने के लिए सामाजिक सुरक्षा विभाग की टीम ने विशेष योजना बनाई. एक नकली ग्राहक को आरोपी महिला के संपर्क में भेजा गया ताकि पूरे मामले की सत्यता सामने आ सके.

1500 रुपये में तय हुआ था सौदा

जांच के दौरान कथित तौर पर 1500 रुपये में सौदा तय होने की जानकारी सामने आई. पुलिस के अनुसार जैसे ही नाबालिग लड़की ग्राहक के पास पहुंची, पहले से तैयार टीम ने मौके पर छापा मार दिया. कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और जरूरी साक्ष्य जुटाए गए.

जांच में सामने आई चौंकाने वाली बात

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि जिस नाबालिग को इस अवैध गतिविधि में धकेला जा रहा था, वह आरोपी महिला की सगी बेटी निकली. गिरफ्तार महिला की उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है. वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली है. उसके पति कलमना मार्केट में हमाली का काम करते हैं और परिवार में तीन बच्चे हैं.

एक अन्य महिला भी मिली, जांच जारी

छापेमारी के दौरान पुलिस को एक और महिला मिली जिसे आरोपी की सगी बहन बताया जा रहा है. पुलिस ने नाबालिग और दूसरी महिला को रेस्क्यू कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई है. आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कलमना पुलिस के हवाले कर दिया गया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

यह भी पढ़ें- 'न्याय नहीं मिला तो इतिहास याद रखेगा'... भंवरी देवी हत्याकांड पर रोहित गोदारा का धमकी भरा संदेश

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nagpur News, Crime Branch News, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com