गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर भंवरी देवी की हत्या का मुद्दा फिर उठा दिया है. पोस्ट में गोदारा ने दावा किया है कि इस मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं और कुछ राजनीतिक लोगों और एक कथित ‘सोलर माफिया' के बेटे का नाम सामने आ रहा है. हालांकि, पोस्ट में लगाए गए इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
गोदारा ने अपनी पोस्ट में भंवरी देवी को मां अमृता देवी की वंशज बहन बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और कहा कि सर्वसमाज उसके लिए एक है. उसने पुलिस और सरकार से मामले में जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की.
पेड़ों की कटाई को लेकर क्या बोला रोहित गोदारा?
पोस्ट में राजस्थान में सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर पेड़ों की कथित कटाई का मुद्दा भी उठाया गया है. गोदारा ने आरोप लगाया कि पैसे कमाने के चक्कर में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई करवाई जा रही है, जो आने वाले समय में राजस्थान के लिए नुकसानदायक हो सकती है.
सबसे ज्यादा चर्चा गोदारा की उस चेतावनी को लेकर है. इसमें उसने कहा है कि अगर समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो वह और उसके साथी ऐसी कार्रवाई करेंगे, जिसे 'इतिहास के पन्नों में लिखा जाएगा'. उसने भंवरी देवी को न्याय दिलाने तक लड़ाई जारी रखने की बात कही है.
आरोपों और दावों की पुष्टि नहीं
गैंगस्टर की इस पोस्ट के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन के लिए भी मामला संवेदनशील हो गया है. हालांकि, पोस्ट में लगाए गए आरोपों और दावों की जांच पुलिस के स्तर पर ही स्पष्ट हो सकेगी.
सोशल मीडिया पर सामने आई ऐसी धमकियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की नजर भी बनी हुई है. पोस्ट के आखिर में गोदारा ने 'गुरु जंभेश्वर भगवान की जय' और 'जय श्री राम' लिखकर अपनी बात खत्म की.
यह भी पढ़ें: आरक्षण पर आए थे भाजपा के साथ, अब तक लागू नहीं किया; संजय निषाद ने यूपी चुनाव से पहले दिखाए तेवर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं