विज्ञापन

मुंबई में आज शाम हाईटाइड का अलर्ट, समुद्र किनारे न जाएं, बारिश से ठाणे और पालघर का हाल भी देख लें

नालासोपारा में रलवे ट्रैक पर पानी भर गया है. लोग बड़ी संख्या में ट्रेन से सफर करने के लिए स्टेशनों पर जमा हो रहे हैं. बारिश की वजह से ट्रेन की पटरियां भी पानी में डूब गई हैं.

मुंबई में आज शाम हाईटाइड का अलर्ट, समुद्र किनारे न जाएं, बारिश से ठाणे और पालघर का हाल भी देख लें
मुंबई में बारिश के बीच बढ़ी दिक्कतें. (PTI और NDTV फोटो)
  • मुंबई और इसके आसपास लगातार मूसलाधार बारिश से सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है
  • पिछले 48 घंटों में मुंबई शहर में औसतन 61.13 मिमी जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में करीब 87 मिमी बारिश हुई
  • नासिक, ठाणे, पालघर और नवी मुंबई में भी भारी बारिश के कारण घरों में पानी घुस गया
मुंबई:

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में इन दिनों मूसलाधार बारिश हो रही है. कहीं पानी भर गया तो कहीं ट्रैफिक जाम हो गया. मुंबईकरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. बारिश का ये दौर अभी थमने वाला नहीं है. मौसम विभाग ने मुंबई में अगले 24 घंटे तक बादल छाए रहने और शहर और इसके उपनगरों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है. बुधवार शाम 5:17 बजे समुद्र में 3.77 मीटर ऊंची लहरें उठने को लेकर अलर्ट भी जारी किया है. वहीं अगले दिन 9 जुलाई को सुबह 7:00 बजे 3.49 मीटर की दूसरी हाई टाइड आ सकती है.

सड़कें पानी से लबालब, घरों में घुसा पानी

मुंबई शहर में पिछले 48 घंटों में औसतन 61.13 मिमी बारिश दर्ज की गई है. वहीं पूर्वी उपनगर (ES) में 86.66 मिमी और पश्चिमी उपनगर (WS) में 86.90 मिमी औसतन बारिश रिकॉर्ड की गई है. मुंबई से सटी दूसरी जगहों का भी बारिश से बुरा हाल है. नासिक में भारी बारिश से मखमलाबाद रोड इलाके में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया, जिससे लोग फंस गए हैं. 

ठाणे में बारिश की वजह से सड़कों पर पानी भर गया है, जिसकी वजह से वाहनों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. सड़क पर जाम लग गया है.  नवी मुंबई में फिर से हुई मूसलाधार बारिश से एपीएमसी समेत कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया है. 1 जून से अब तक शहर में 1,372 मिमी बारिश दर्ज की गई है और मोरबे बांध 50 प्रतिशत तक भर गया है.

पालघर में तालाब बनीं सड़कें

पालघर में भी बारिश की वजह से सड़कें पानी से लबालब हैं. सड़कों पर घुटने से ऊपर तक पानी भरा है. रोजमर्रा के कामकाज के लिए लोगों को इस गंदे पानी में घुसकर जाना पड़ रहा है. बच्चों को स्कूल जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं. 

बारिश की वजह से रेल सेवाएं बाधित

पालघर के वसई-विरार क्षेत्र तथा दक्षिण गुजरात के कई जगहों पर जलभराव की वजह से गुजरात की ओर जाने वाली लंबी दूरी की रेल सेवाएं बाधित रहीं. वहीं, सोमवार को भोर घाट क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे मार्ग पर रेल परिचालन भी अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है. सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में मंगलवार शाम वसई रोड से आगे उपनगरीय रेल सेवाएं बंद होने के बाद यात्रियों को आधी रात मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में जलमग्न पटरियों पर पैदल चलते देखा गया.

Latest and Breaking News on NDTV

नालासोपारा में रलवे ट्रैक पर पानी भर गया है. वहीं सड़क पर ट्रैफिक की वजह से लोग बड़ी संख्या में ट्रेन से सफर करने के लिए स्टेशनों पर जमा हो रहे हैं. बारिश की वजह से ट्रेन की पटरियां भी पानी में डूब गई हैं.

मुंबई में बारिश का ऑरेंज अलर्ट

आईएमडी ने भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी करते हुए मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट बुधवार तक प्रभावी रखा है. बारिश की गंभीर स्थिति को देखते हुए एहतियात के तौर पर मंगलवार को मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम संचालित स्कूल तथा कॉलेज बंद रहे. 

 मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश का असर शहर की जलापूर्ति करने वाली झीलों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. बीएमसी से मिली जानकारी के मुताबिक, विहार झील के बाद अब तुलसी झील भी ओवरफ्लो होने लगी है. हालांकि, मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाली सभी झीलों में कुल जल भंडारण अभी अधिकतम क्षमता का 41.43 प्रतिशत ही पहुंचा है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Rain, Maharashtra Weather, Mumbai Rain Alert News, Rain Flooded, Hightide
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com