विज्ञापन

900 KM दूर से मुंबई आए, चोरी की बाइक से चेन झपटी, फिर ट्रेन से भागे; राजस्थान पहुंच पुलिस ने आरोपियों को दबोचा

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल सात सोने की चेन बरामद की हैं. इनका वजन 65 ग्राम 790 मिलीग्राम और बाजार मूल्य 7,97,520 रुपये है. पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से बांद्रा पुलिस थाने में दर्ज एक, विलेपार्ले पुलिस थाने में दर्ज तीन, अंधेरी पुलिस थाने में दर्ज एक और शिवाजी पार्क पुलिस थाने में दर्ज एक चेन स्नैचिंग का मामला सुलझा है.

900 KM दूर से मुंबई आए, चोरी की बाइक से चेन झपटी, फिर ट्रेन से भागे; राजस्थान पहुंच पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस टीम. जब्त 7 गोल्ड चेन.
NDTV
  • मुंबई में चेन स्नैचिंग करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को राजस्थान के भीलवाड़ा से गिरफ्तार किया गया है.
  • आरोपियों के पास से सात सोने की चेन बरामद हुईं जिनका वजन पैंसठ ग्राम से अधिक और कीमत लगभग आठ लाख रुपये है.
  • गिरोह ट्रेन से भीलवाड़ा से मुंबई आता था, वहां बाइक चोरी कर महिलाओं की चेन झपटता और फिर वापस ट्रेन से लौट जाता.
मुंबई:

मुंबई में चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का बांद्रा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने राजस्थान के भीलवाड़ा में कार्रवाई कर दो आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. आरोपियों के पास से सात सोने की चेन बरामद की गई हैं, जिनका कुल वजन 65 ग्राम 790 मिलीग्राम और कीमत 7,97,520 रुपये बताई गई है. इस कार्रवाई से मुंबई में चेन स्नैचिंग के छह मामले सुलझे हैं. पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रेन से राजस्थान के भीलवाड़ा से 900 किलोमीटर दूर मुंबई आते थे. यहां पहुंचकर वे बाइक चोरी करते और उसी बाइक से शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर चेन झपटते थे. वारदातों को अंजाम देने के बाद चोरी की बाइक छोड़कर ट्रेन से ही राजस्थान वापस भाग जाते थे.

15 नवंबर को ओलार बिल्डिंग के पास छिनी थी महिला की चेन 

मामले की शुरुआत 15 नवंबर 2026 को बांद्रा पश्चिम में हुई चेन स्नैचिंग की वारदात से हुई. शाम करीब 7:40 बजे सेंट सेबेस्टियन रोड पर ओलार बिल्डिंग के पास यूनियन बैंक के सामने 48 वर्षीय पल्लवी अरविंद वाघेला अपने पति के साथ पैदल जा रही थीं. इसी दौरान बाइक पर सवार दो अज्ञात आरोपियों ने उनके गले से करीब छह ग्राम वजन की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए.

पीड़िता की शिकायत पर बांद्रा पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. पुलिस ने तकनीकी जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और उनके भिलवाड़ा, राजस्थान से जुड़े होने का पता लगाया.

जांच में सामने आए गिरोह के तौर-तरीकों के आधार पर बांद्रा पुलिस की टीम 17 नवंबर को राजस्थान के भीलवाड़ा पहुंची. तलाश के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसे भीलवाड़ा के पुर पुलिस थाने में हिरासत में लेने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से मुंबई ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया गया.

भीलवाड़ा के सुभाष नगर का आरोपी गिरफ्तार

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथी के बारे में जानकारी दी, जो भीलवाड़ा के सुभाष नगर का रहने वाला था जबकि दूसरा नाबालिग है. पुलिस ने उसे भी हिरासत में लेकर बाल न्यायालय मंडल, पालडी में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे मुंबई लाया गया. मुंबई पहुंचने पर गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड मांगा गया, जबकि नाबालिग को बाल न्यायालय, डोंगरी के समक्ष पेश करने के बाद बाल सुधार गृह, डोंगरी में सुरक्षित अभिरक्षा में भेज दिया गया.

आरोपियों के पास से सोने की 7 चेन जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल सात सोने की चेन बरामद की हैं. इनका वजन 65 ग्राम 790 मिलीग्राम और बाजार मूल्य 7,97,520 रुपये है. पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई से बांद्रा पुलिस थाने में दर्ज एक, विलेपार्ले पुलिस थाने में दर्ज तीन, अंधेरी पुलिस थाने में दर्ज एक और शिवाजी पार्क पुलिस थाने में दर्ज एक चेन स्नैचिंग का मामला सुलझा है.

राजस्थान में भी आरोपियों पर चोरी-छिनतई के कई मामले

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ मुंबई और राजस्थान में चोरी, हत्या के प्रयास और चोट पहुंचाने जैसे अपराधों से जुड़े कुल नौ मामले पहले से दर्ज हैं. इस कार्रवाई को अपर पुलिस आयुक्त, पश्चिम प्रादेशिक विभाग अभिनव देशमुख, पुलिस उपायुक्त पश्चिम परिमंडल-2 डॉ. मोहित कुमार गर्ग, पुलिस उपायुक्त पश्चिम परिमंडल-3 एवं अतिरिक्त प्रभार परिमंडल-2 दत्ता नलावडे और सहायक पुलिस आयुक्त बांद्रा विभाग अधिकारराव पोल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया.

यह भी पढ़ें - जेल से जमानत पर बाहर आए इंजीनियर ने टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले को अंजाम दिलवाया....अब गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai, Mumbai Police, Chain Snatching, Chain Snatching Case, Bhilwara
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com