मुंबई के मानखुर्द इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां 56 साल के एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के बाद अपनी 49 साल की पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. मृतक महिला की पहचान राजकुमारी श्रीराम सोनी के रूप में हुई है.
यह घटना 20 नवंबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:40 बजे के बीच उनके मानखुर्द स्थित आवास पर हुई. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया.
लोहे की रॉड और मोगरी से हमला
आरोपी पति ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी पर लोहे की रॉड और लकड़ी के कपड़े धोने वाले डंडे (मोगरी) से हमला कर दिया. उसने पत्नी के सिर पर बार-बार वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
बेटे ने की शिकायत
इस घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया. दंपति के 23 साल के बेटे पंकज श्रीराम सोनी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराई. बेटे की शिकायत के आधार पर मानखुर्द पुलिस ने 21 नवंबर को हत्या का मामला दर्ज किया.
आरोपी पति गिरफ्तार
पुलिस ने शिकायत के बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं