विज्ञापन

मुंबई आतंकी हमला: मारे गए ब्रिटिश नागरिक की पोती ने लिखी किताब; बताया-अंतिम घंटों में क्या कुछ हुआ

किताब में हमले में जीवित बचे लोगों के बयानों, साक्षात्कारों, परिवार के अभिलेखों और सत्यापित दस्तावेजों के आधार पर लिवेरास के जीवन के सफर के साथ ही ताज होटल के भीतर हुई भयावह घटनाओं को दोबारा सामने लाने की कोशिश की गई है.

मुंबई आतंकी हमला: मारे गए ब्रिटिश नागरिक की पोती ने लिखी किताब; बताया-अंतिम घंटों में क्या कुछ हुआ
मुंबई आतंकी हमले में मरने वालों में कई विदेशी लोग भी शामिल थे. (फोटो-एनडीटीवी)
  • मुंबई आतंकवादी हमले में मारे गए ब्रिटिश नागरिक एंड्रियास लिवेरास की पोती ने उनकी याद में एक किताब लिखी है
  • किताब में लिवेरास के जीवन के अंतिम घंटों और नौकाओं के उद्योग में उनकी भूमिका का विस्तार से वर्णन किया है
  • 26/11 के हमलों में करीब 166 लोग मरे और सैकड़ों घायल हुए, जिसमें तान्या के दादा भी शिकार बने थे
लंदन:

मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकवादी हमलों में मारे गए एकमात्र ब्रिटिश नागरिक की पोती ने अपने दादा की याद में एक किताब लिखी है. किताब में उसने उनके जीवन के अंतिम घंटों का ब्योरा देने के साथ ही बड़ी लग्जरी नौकाओं के उद्योग में अग्रणी कारोबारी के तौर पर उनकी विरासत को संजोने की कोशिश की है.

तान्या लिवेरास कैंडी की पहली किताब में उनके दादा एवं उद्यमी एंड्रियास लिवेरास के असाधारण जीवन की कहानी है. इसमें साइप्रस के एक गांव में गरीबी में बीते उनके बचपन से लेकर ब्रिटेन में एक सफल कारोबारी साम्राज्य खड़ा करने तक के सफर का वर्णन किया गया है. यह किताब अगले सप्ताह मुंबई आतंकी हमलों की 18वीं बरसी के मौके पर जारी होगी. इसमें 26 नवंबर 2008 को मुंबई के ताजमहल पैलेस होटल में लिवेरास के जीवन के अंतिम घंटों और उससे पहले की घटनाओं का ब्योरा दिया गया है.

तान्या ने ‘पीटीआई' को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘मेरे दादा को मुंबई हमेशा से बहुत पसंद थी. वह कई साल पहले वहां गए थे और तभी से दोबारा जाने का मौका तलाश रहे थे. इसलिए जब भारतीय बाजार में प्रवेश करने के मकसद से ग्राहकों के मनोरंजन के लिए उनकी एक बड़ी आलीशान नौका उधार लेने के संबंध में उनसे संपर्क किया गया, तो उन्होंने तुरंत यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया.'' तान्या ने मुंबई हमलों को याद करते हुए कहा, ‘‘उस शाम वह अपने चालक दल के सदस्यों को ताज होटल के एक रेस्तरां में ले गए और दुर्भाग्य से वे आतंकवादी हमलों में फंस गए.''

किताब लिखने का कैसे आया विचार

तान्या के मन में इस किताब को लिखने का विचार उनके जीवन में हुई एक निजी त्रासदी के बाद आया. कठिन प्रसव के दौरान उन्होंने अपने जुड़वां बच्चों में से एक को खो दिया था. इस दुख से उबरने के लिए उन्होंने लिखना शुरू किया और धीरे-धीरे उनके लेखन ने एक व्यापक कहानी का रूप ले लिया जो ‘द विजन: वन मैन्स एक्स्ट्राऑर्डिनरी लाइफ एंड द सीज दैट शॉक्ड द वर्ल्ड' किताब बनी.

तान्या ने कहा, ‘‘मेरे दादा की मौत 21वीं सदी के सबसे बड़े आतंकवादी हमलों में से एक का हिस्सा बन गई, लेकिन वह उनके असाधारण जीवन का केवल अंतिम अध्याय था. मैं सुर्खियों के पीछे छिपे उस व्यक्ति की कहानी बताना चाहती थी, जिसने बड़ी लग्जरी नौकाओं के उद्योग में अग्रणी भूमिका निभाई और वहां तक पहुंचने के लिए एक उल्लेखनीय सफर तय किया. मुझे उम्मीद है कि ‘द विजन' पढ़कर पाठक न केवल 26/11 की घटनाओं और ताज होटल के भीतर जो कुछ हुआ, उसे बेहतर ढंग से समझ पाएंगे, बल्कि एंड्रियास के जीवन से प्रेरणा भी लेंगे. वे यह समझेंगे कि जीवन केवल परिस्थितियों से असाधारण नहीं बनता, बल्कि इस दौरान हमारे द्वारा लिए गए फैसले उसे असाधारण बनाते हैं.''

किताब में हमले में जीवित बचे लोगों के बयानों, साक्षात्कारों, परिवार के अभिलेखों और सत्यापित दस्तावेजों के आधार पर लिवेरास के जीवन के सफर के साथ ही ताज होटल के भीतर हुई भयावह घटनाओं को दोबारा सामने लाने की कोशिश की गई है. तान्या को उम्मीद है कि उनकी किताब न केवल उनके दादा की विरासत को सम्मान देगी, बल्कि परिवार को उनके निधन के दुख से उबरने में भी मदद करेगी. उन्होंने कहा कि उनके परिवार के कुछ सदस्य अब भी इस क्षति से उबर नहीं पाए हैं. मुंबई में 26 नवंबर 2008 को पाकिस्तान से समुद्री रास्ते आए 10 आतंकवादियों ने ताजमहल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस और नरीमन हाउस समेत कई स्थानों पर हमले किए थे. करीब 60 घंटे तक चले इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई थी और सैकड़ों अन्य घायल हुए थे.

यह भी पढ़ें | 'इजरायल के साथ अच्छे संबंध हैं', वाले बयान पर घिरे राहुल गांधी, लेफ्ट ने याद दिलाई नेहरू की विरासत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Terror Attack, Mumbai Terror Attack 26/11, Mumbai Terror Attack News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com