Zara Hatke News: करियर का भयंकर दबाव एक छात्र और उसके परिवार को किस हद तक तोड़ सकता है, इसका एक जीता-जागता उदाहरण सोशल मीडिया पर सामने आया है. एक 22 साल के भारतीय छात्र ने रेडिट (Reddit) पर अपनी ऐसी दास्तां बयां की है, जिसने देश के मिडिल क्लास परिवारों की सोच पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. नीट (NEET) परीक्षा के तनाव में अपना 10 किलो वजन गंवा चुका यह छात्र अब इस बात से परेशान है कि उसके पैरेंट्स उसे प्राइवेट कॉलेज से MBBS कराने के लिए अपनी जमीन-जायदाद बेचने पर आमादा हैं.
जब कंप्यूटर में नंबर 1 है बेटा, तो डॉक्टरी क्यों?
छात्र का रिकॉर्ड हमेशा से बेहद शानदार रहा है. दसवीं में 91% और बारहवीं में 96.5% नंबर लाने के बाद उसने डॉक्टर बनने के सपने के साथ स्कूल के बाद कई साल कोचिंग में लगा दिए. लेकिन देश की इस सबसे कठिन मेडिकल एंट्रेंस परीक्षा के दबाव के कारण महज 2 महीने के भीतर उसका 10 किलो वजन घट गया और वह दिमागी रूप से पूरी तरह टूट गया. इस भयंकर तनाव से बाहर निकलने के लिए उसने कंप्यूटर की पढ़ाई (BCA) में एडमिशन ले लिया, जहां पहले ही साल में उसने 9 CGPA के साथ टॉप किया है. लेकिन इसके बावजूद उसके माता-पिता आज भी मानते हैं कि दुनिया में सिर्फ 'MBBS' ही सबसे सुरक्षित करियर है और वे इसके लिए अपनी संपत्ति बेचने को तैयार हैं.
इन तीन सवालों का जवाब जानना चाहता है छात्र
इस छात्र ने इंटरनेट पर लोगों से सलाह मांगते हुए कुछ ऐसे व्यावहारिक सवाल पूछे हैं जो आज के हर युवा के मन में हैं. क्या सिर्फ एक डिग्री के लिए माता-पिता के बुढ़ापे की इकलौती संपत्ति को दांव पर लगाना सही है? पहले ही कई साल ड्रॉप में बर्बाद होने के बाद, अब 22-23 साल की उम्र में शुरू से 5 साल की डॉक्टरी की पढ़ाई शुरू करना कितना व्यावहारिक है? जब मैं आईटी और कंप्यूटर के क्षेत्र में पहले से ही इतना शानदार कर रहा है, तो क्या वापस उसी तनाव भरे दलदल में जाना चाहिए?
Parents want to sell property so I can study MBBS in a private college. I'm completely torn. Need unbiased advice
by u/No-Concern-4268 in indianmedschool
लोगों ने उस छात्र को क्या सलाह दी?
इस पोस्ट के वायरल होने के बाद देश भर के हजारों डॉक्टरों, सॉफ्टवेयर इंजीनियरों और पैरेंट्स ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है, जो आंखें खोलने वाली हैं:-
- एक डॉक्टर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'भाई, भूलकर भी माता-पिता को संपत्ति मत बेचने देना. आज के समय में प्राइवेट से MBBS करने की फीस 50 लाख से 1 करोड़ रुपये है, जबकि पढ़ाई पूरी होने के बाद शुरुआत में सिर्फ 50 हजार रुपये की नौकरी मिलती है. इस निवेश का कोई रिटर्न नहीं है. प्लेन MBBS की कोई वैल्यू नहीं है, आगे पीजी के लिए फिर करोड़ों चाहिए होंगे. तुम्हारा परिवार सड़क पर आ जाएगा.'
- एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने लिखा, 'तुम पहले से ही BCA में 9 CGPA ला रहे हो, जो कि बहुत बढ़िया स्कोर है. तुम्हारा दिमाग कोडिंग और लॉजिक के लिए बिल्कुल परफेक्ट है. अगले 3 साल में जब तक तुम एक अच्छी आईटी कंपनी में 15 से 20 लाख रुपये का पैकेज ले रहे होगे, तब तक मेडिकल में तुम सिर्फ आधी पढ़ाई ही पूरी कर पाओगे. अपनी ताकत को पहचानो और आईटी में ही आगे बढ़ो.'
- एक पैरेंट्स ने कमेंट करते हुए लिखा, 'एक माता-पिता होने के नाते मैं समझ सकता हूं कि तुम्हारे पैरेंट्स ऐसा क्यों कर रहे हैं. वे समाज के दबाव में हैं और उन्हें लगता है कि डॉक्टर बनने से तुम्हारा भविष्य सुरक्षित हो जाएगा. उन्हें बैठकर आज के जॉब मार्केट का पूरा सच समझाओ. उन्हें बताओ कि तुम कंप्यूटर के क्षेत्र में भी उनका नाम रोशन कर सकते हो.'
- Nervous-Relative24 नाम के एक यूजर ने लिखा, 'मैं किसी को भी प्राइवेट MBBS करने की सलाह नहीं दूंगा. आजकल MBBS सिर्फ NEET PG का एग्जाम देने के लिए एक क्वालिफिकेशन है, और कुछ नहीं. MBBS का फ्यूचर बहुत खराब है. PG तो करनी ही पड़ेगी, और वह NEET UG से भी ज्यादा मुश्किल है. प्राइवेट से PG करने के बारे में आप सोच सकते हैं, लेकिन प्राइवेट से MBBS बिल्कुल नहीं करना चाहिए. इसका कोई फायदा नहीं है. उसके बाद आपको NEET PG देना ही होगा, वरना आप किसी PHC या CHC में MO बनकर रह जाएंगे, जिसमें अच्छी कमाई नहीं होती. बेहतर होगा कि आप अभी जो कर रहे हैं वही करें, किसी अच्छे शहर में नौकरी करें और वहीं से अपना करियर बनाएं. साथ ही, MBBS के बाद तुरंत कमाई शुरू नहीं होगी, इसमें काफी समय लगेगा और 1 करोड़ रुपये वसूलने में ही 7-10 साल लग जाएंगे. अगर 1 करोड़ रुपये खर्च करने से आपकी जेब पर कोई बुरा असर नहीं पड़ता, तो आप यह कर सकते हैं. लेकिन सब कुछ बेचकर और सारी सेविंग्स खत्म करके ऐसा करना बिल्कुल भी ठीक नहीं है.'
(अस्वीकरण: यह कहानी रेडिट पर वायरल हुई एक पोस्ट और उसके बाद मिली सार्वजनिक प्रतिक्रियाओं पर आधारित है. एनडीटीवी ने पोस्ट में उल्लिखित व्यक्तियों द्वारा किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है.)
ये भी पढ़ें:- 10 मिनट में बिका डायनासोर का कंकाल, बोली इतनी बड़ी लगी कि उस कीमत में 100 Ferrari आ जाएं!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं