विज्ञापन

महाराष्ट्र जिला परिषद-पंचायत चुनाव में महायुति का परचम, BJP की बंपर जीत, फडणवीस-चव्हाण की जोड़ी हिट

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, महायुति ने 731 जिला परिषद सीटों में से 552 और 1,462 पंचायत समिति सीटों में से 1,000 से अधिक सीट जीती हैं. राज्य में सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा जिला परिषद चुनाव में 225 सीट पर जीत दर्ज करके सबसे आगे रही, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 165 और शिवसेना को 162 सीट पर जीत मिली.

महाराष्ट्र जिला परिषद-पंचायत चुनाव में महायुति का परचम, BJP की बंपर जीत, फडणवीस-चव्हाण की जोड़ी हिट
महाराष्ट्र जिला परिषद-पंचायत चुनाव में BJP की बंपर जीत.
  • महाराष्ट्र में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में BJP नेतृत्व वाली महायुति ने बंपर जीत दर्ज की है.
  • BJP ने जिला परिषद की 225 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी बनी. PM मोदी ने राज्य के लोगों को धन्यवाद कहा.
  • विपक्षी महा विकास आघाड़ी में कांग्रेस ने 55 सीटें जीतीं, जबकि शिवसेना और राकांपा के हिस्से भी कुछ सीटें आईं.
मुंबई:

Maharashtra Zilla Parishad Panchayat Elections Result: महाराष्ट्र में सोमवार को जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के परिणाम घोषित किए गए, जिसमें BJP के नेतृत्व वाली महायुति ने शानदार जीत दर्ज की. 2024 के विधानसभा चुनाव में जोरदार जीत के बाद से पार्टी का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, महायुति ने 731 जिला परिषद सीटों में से 552 और 1,462 पंचायत समिति सीटों में से 1,000 से अधिक सीट जीती हैं. राज्य में सत्तारूढ़ महायुति में भाजपा जिला परिषद चुनाव में 225 सीट पर जीत दर्ज करके सबसे आगे रही, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 165 और शिवसेना को 162 सीट पर जीत मिली.

विपक्षी गठबंधन में 55 सीटों पर जीत के साथ कांग्रेस सबसे आगे 

विपक्षी महा विकास आघाडी (MVA) में कांग्रेस 55 सीट जीतकर सबसे आगे रही. इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) को 43 और शरद पवार की राकांपा (SP) को 26 सीट पर जीत मिली. महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने लातूर और रत्नागिरी में एक-एक सीट जीती. 20  सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई, जबकि राज्य निर्वाचन आयोग में पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों को 14 और पंजीकृत दलों को सात सीट पर जीत मिली.

Latest and Breaking News on NDTV

राकांपा ने पुणे जिला परिषद में 73 में से 51 सीट पर जीत दर्ज की. राकांपा और राकांपा (SP) ने ‘घड़ी' चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था. ये चुनाव 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के कुछ ही दिन बाद हुए थे. 

शिवसेना ने रायगढ़ जिला परिषद में 59 में से 23 सीट जीतीं. एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने रत्नागिरि जिला परिषद में भी 56 में से 41 सीट पर जीत हासिल की.

भाजपा ने सिंधुदुर्ग में 50 में से 27 सीट जीतीं. इसके अलावा भाजपा सतारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव, सतारा और लातूर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी. कांग्रेस कोल्हापुर में सबसे बड़ी पार्टी रही.

वहीं, 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीट में भाजपा ने 459 सीट जीतीं, इसके बाद राकांपा को 306 और शिवसेना को 302 सीट पर जीत मिली. कांग्रेस ने 97, राकांपा (शप) ने 46 और शिवसेना (उबाठा) ने 89 सीट जीतीं. मनसे ने दो, निर्दलीयों ने 31, राज्य निर्वाचन आयोग में पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों ने 36 और राज्य के बाहर पंजीकृत दलों ने 17 सीट जीतीं. कराड की 24 सीट के परिणाम अभी बाकी हैं.

ग्रामीण महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाले महायुति की बड़ी जीत पर पीएम मोदी का पोस्ट.

ग्रामीण महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाले महायुति की बड़ी जीत पर पीएम मोदी का पोस्ट.

PM मोदी ने राज्य के लोगों को कहा धन्यवाद

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र में BJP के नेतृत्व वाले महायुति को जिला परिषद चुनाव में समर्थन देने के लिए राज्य के लोगों को सोमवार को धन्यवाद दिया और इसे 'सुशासन' के पक्ष में वोट बताया. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स' पर कहा, 'एक बार फिर महाराष्ट्र ने भाजपा और महायुति को आशीर्वाद दिया. नगर निगम और नगरपालिका परिषद चुनाव में भाजपा और महायुति की शानदार सफलता के बाद, महाराष्ट्र के लोगों ने हमें जिला परिषद चुनाव में भी मजबूत जनादेश दिया.''

नतीजे पर डिप्टी CM शिंदे ने अजित पवार को किया याद

जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में शिवसेना की सफलता से उत्साहित महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि जनता का पार्टी में भरोसा बढ़ा है और ग्रामीण क्षेत्रों में इसकी पकड़ मजबूत हुई है. शिंदे ने दिवंगत अजित पवार को भी याद किया और कहा कि यदि वे जीवित होते, तो महायुति अपनी जीत का जश्न एक साथ मनाती.

ग्रामीण महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाले महायुति की बड़ी जीत पर भाजपा द्वारा जारी किया गया पोस्टर.

ग्रामीण महाराष्ट्र में भाजपा नेतृत्व वाले महायुति की बड़ी जीत पर भाजपा द्वारा जारी किया गया पोस्टर.

ग्रामीण महाराष्ट्र में भी बीजेपी ने दिखाया अपना दबदबा

राज्य में तीसरे चरण के जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों के नतीजे घोषित होते ही राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है. एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी ने सबसे अधिक सीटें जीतकर यह साबित कर दिया है कि राज्य की राजनीति की धुरी फिलहाल उसी के इर्द-गिर्द घूम रही है. महायुति के सहयोगी दलों और महाविकास आघाड़ी के घटक दलों को पीछे छोड़ते हुए भाजपा ने ग्रामीण महाराष्ट्र में भी अपना दबदबा कायम रखा है.

तीन चुनाव, एक नतीजा – भाजपा की हैट्रिक जीत

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व और प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की सशक्त, जमीनी और अनुशासित रणनीति के दम पर भाजपा ने राज्य में जीत की एक अनोखी हैट्रिक दर्ज की है. इन नतीजों के साथ यह संदेश भी स्पष्ट रूप से सामने आया है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की जोड़ी आज की राजनीति की जोड़ी नंबर-1 बन चुकी है.

नवंबर में हुए नगर परिषद चुनाव, जनवरी में संपन्न महानगरपालिका चुनाव और अब फरवरी में जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव इन तीनों चुनावों में भाजपा ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह दिखा दिया कि पार्टी की चुनावी तैयारी, संगठनात्मक मजबूती और नेतृत्व की स्पष्टता किसी भी प्रतिद्वंद्वी से कहीं आगे है.

रणनीति, संगठन और संवाद का सटीक तालमेल:

देवेंद्र फडणवीस और रविंद्र चव्हाण की इस प्रभावशाली राजनीतिक जोड़ी ने चुनावी रणनीति को केवल भाषणों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे बूथ स्तर तक उतारा. मजबूत प्रचार तंत्र, स्थानीय नेतृत्व को निर्णय-प्रक्रिया में शामिल करना, संगठन और सरकार के बीच सीधा संवाद तथा राज्य स्तर के नेतृत्व से निरंतर मार्गदर्शन — इन सभी तत्वों ने मिलकर भाजपा की एक सक्षम और मजबूत पार्टी यंत्रणा खड़ी की.

इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह हुआ कि स्थानीय नेताओं को जहां शीर्ष नेतृत्व का संरक्षण मिला, वहीं पार्टी अनुशासन का स्पष्ट संदेश भी नीचे तक पहुंचा. इसका सकारात्मक असर कई जिलों में देखने को मिला, जहां भाजपा ने बेहद चौंकाने वाली और ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

यह भी पढ़ें - महाराष्ट्र जिला परिषद चुनाव रिजल्टः 225 सीटों पर जीत के साथ BJP सबसे बड़ी पार्टी, जानें अन्य दलों का हाल

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra Zilla Parishad Election, Maharashtra Zilla Parishad Election 2026, Maharashtra Zilla Parishad Election Result, Maharashtra Zilla Parishad Election Result LIVE Updates, Maharashtra Zilla Parishad Elections
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com