विज्ञापन

TET पेपर लीक का भंडाफोड़: भिवंडी से ₹1.5 करोड़ में बेचने लाया प्रश्नपत्र बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

महाराष्ट्र में TET 2026 परीक्षा से पहले बड़ा पेपर लीक सामने आया है. भिवंडी में पुलिस ने 1.5 करोड़ रुपये में प्रश्नपत्र बेचने की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से चार प्रश्नपत्र सेट बरामद हुए हैं.

TET पेपर लीक का भंडाफोड़: भिवंडी से ₹1.5 करोड़ में बेचने लाया प्रश्नपत्र बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

28 जून को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) 2026 का प्रश्नपत्र परीक्षा से महज 24 घंटे पहले कथित रूप से लीक होने का मामला सामने आया है. ठाणे जिले के भिवंडी में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रश्नपत्रों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर 1.5 करोड़ रुपये में प्रश्नपत्र बेचने की तैयारी में थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने परीक्षा स्थगित कर दी है.

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

जानकारी के अनुसार, महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद, पुणे ने 28 जून को राज्यभर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर TET परीक्षा आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली थी. इसी बीच परीक्षा से एक दिन पहले भिवंडी के कोनगांव पुलिस थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली.

पुलिस उपायुक्त डॉ. पवन बनसोड को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी राजू शाह (45), आकाश कुमार (30) तथा हरियाणा निवासी धीरज सिंह (28) के रूप में हुई है.

चार प्रश्नपत्र सेट बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से TET परीक्षा के चार प्रश्नपत्र सेट बरामद किए हैं. इसके बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर प्रश्नपत्रों का सत्यापन कराया गया. जांच में पाया गया कि बरामद प्रश्न 28 जून को आयोजित होने वाली TET परीक्षा के प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि तीनों आरोपी कथित रूप से दिल्ली से भिवंडी 1.5 करोड़ रुपये में प्रश्नपत्र बेचने के उद्देश्य से आए थे.

आरोपियों की भूमिका की जांच

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अशोक दुधे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक केंद्रीय विद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे लेने का काम करता था, जबकि दूसरा केंद्रीय स्तर की परीक्षा में असफल रह चुका है. पुलिस अब आरोपियों के नेटवर्क, उनके संपर्कों और पूरे रैकेट की जांच कर रही है.

विशेष जांच दल (SIT) का गठन

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है. इस टीम में 2 सहायक पुलिस आयुक्त, 9 पुलिस निरीक्षक, 20 पुलिसकर्मी शामिल किए गए हैं. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि प्रश्नपत्र कहां से लीक हुआ, इसे किन लोगों तक पहुंचाया गया और इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड कौन है?

TET परीक्षा स्थगित

पेपर लीक की पुष्टि के बाद महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने 28 जून को होने वाली TET परीक्षा स्थगित करने की घोषणा कर दी है. परिषद का कहना है कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है. परीक्षा की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com