- महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के गणपतिपुले समुद्र तट पर पांच युवक तेज लहरों की चपेट में आकर डूब गए थे
- हादसे में चार युवकों के शव को स्थानीय प्रशासन और कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बरामद किया गया
- सभी युवक छत्रपति संभाजीनगर जिले के बिडकीन इलाके के रहने वाले थे जो गणपतिपुले में वीकेंड पर घूमने आए थे
महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल रत्नागिरी से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला हादसा सामने आया है. कोंकण क्षेत्र के गणपतिपुले समुद्र तट पर नहाने उतरे पांच युवक समुद्र की तेज लहरों की चपेट में आकर डूब गए. स्थानीय प्रशासन, पुलिस और कोस्ट गार्ड (तटरक्षक बल) की टीम ने युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए अब तक चार युवकों के शव बरामद कर लिए हैं, जबकि पांचवें लापता युवक की तलाश अब भी लगातार जारी है.

अनिकेत हिवराळे: maharashtra ratnagiri ganpatipule beach drowning accident four dead one missing
देवदर्शन के बाद मौज-मस्ती बदली मातम में
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी युवक महाराष्ट्र के ही छत्रपति संभाजीनगर (पुराना नाम औरंगाबाद) जिले के बिडकीन इलाके के रहने वाले थे. बिडकीन से कुल 19 युवकों का एक समूह कोंकण के गणपतिपुले में वीकेंड पर घूमने के लिए आया था. शनिवार की सुबह सभी युवकों ने गणपतिपुले मंदिर में सुचारू रूप से देवदर्शन किए. दर्शन करने के बाद, सुबह करीब 10 बजे इनमें से कुछ युवक समुद्र की लहरों का आनंद लेने और नहाने के लिए पानी में उतर गए.
यह भी पढ़ें- जिस कूनो नेशनल पार्क में आ रहीं राष्ट्रपति मुर्मू, वहां 121 साल पहले सिंधिया ने 1 लाख खर्च कर मंगवाए अफ्रीकी शेर

आदित्य राऊत: maharashtra ratnagiri ganpatipule beach drowning accident four dead one missing
गहराई और लहरों का नहीं लगा पाए अंदाजा
दुर्भाग्यवश, नहाने उतरे युवकों को समुद्र के पानी की गहराई और वहां उठने वाली तेज लहरों के बहाव का सटीक अंदाजा नहीं मिल पाया. जैसे ही वे पानी में आगे बढ़े, अचानक आई एक शक्तिशाली और ऊंची लहर पांच युवकों को अपने साथ खींचकर गहरे समंदर में ले गई. किनारे पर मौजूद उनके साथियों ने जब यह खौफनाक मंजर देखा, तो वहां चीख-पुकार मच गई और तुरंत स्थानीय लोगों व पुलिस को सूचित किया गया.

यश ऊर्फ हिमांशू कांबळे: maharashtra ratnagiri ganpatipule beach drowning accident four dead one missing
पुलिस और कोस्ट गार्ड का संयुक्त सर्च ऑपरेशन
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक नितिन बगाटे और अपर जिला पुलिस अधीक्षक बाबूराव महामुनी तुरंत घटनास्थल गणपतिपुले पर पहुंचे. स्थानीय पुलिस ने कोस्ट गार्ड की मदद से लापता युवकों को खोजने के लिए तुरंत एक सघन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद समुद्र के पानी से चार युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

राऊत आनंद नरवडे: maharashtra ratnagiri ganpatipule beach drowning accident four dead one missing
पुलिस ने चारों मृतकों के शवों को स्थानीय सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया. जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं और पोस्टमार्टम के बाद, चारों युवकों के पार्थिव शरीरों को एम्बुलेंस के जरिए उनके पैतृक गांव बिडकीन छत्रपति संभाजीनगर के लिए रवाना कर दिया गया है. इस घटना के बाद से पूरे बिडकीन गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. प्रशासन ने बताया कि पांचवें लापता युवक की खोज के लिए अभी भी समंदर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, मगर अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

प्रेम आदमाने आदित्य
यह भी पढ़ें- BMW डिवाइडर से टकराई, दो की मौत, मुंबई-वडोदरा हाईवे पर कई मीटर तक बिखरे शव के टुकड़े
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं