- आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए दूसरी लिस्ट जारी की है जिसमें 31 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं
- इस लिस्ट में आठ मौजूदा विधायकों के टिकट काटकर उनके खिलाफ क्षेत्रीय नाराजगी से निपटने का प्रयास किया गया है
- अब तक आम आदमी पार्टी ने कुल 71 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं जिसमें पहली लिस्ट में सभी मौजूदा विधायक थे
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आज दूसरी लिस्ट जारी कर दी है. इस लिस्ट में कुल 31 कैंडिडेट्स के नाम हैं. इन उम्मीदवारों में 8 मौजूदा विधायकों के नाम शामिल नहीं हैं. इन लोगों के टिकट काट दिए हैं ताकि विधानसभा क्षेत्र में उनके खिलाफ नाराजगी से निपटा जा सके. अब तक आम आदमी पार्टी ने 71 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. इससे पहले 31 अक्तूबर को आप ने 40 कैंडिडेट की लिस्ट जारी की थी. पहली लिस्ट में सभी मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया था. अगले साल की शुरुआत में प्रस्तावित विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करने के मामले में पार्टी ने शुरुआती बढ़त बना ली है.
अब जो लिस्ट जारी हुई है, उसमें 21 सीटें ऐसी हैं, जहां पार्टी को 2022 में पराजय मिली थी. इस बार आम आदमी पार्टी इन सीटों पर भी मजबूती से उतरने की तैयारी में है. इसी क्रम में उसने दो सांसदों को भी उतारा है. मीत हेयर बरनाला से और फगवाड़ा से राजकुमार छाबेवाल को टिकट मिला है. जालंधर कैंट से दीपक बाली को टिकट मिला है और वह पहली बार उम्मीदवार बने हैं. लांबी से कैबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां का टिकट काट दिया गया है. यहां से उनके उनके ही भतीजे रणधीर सिंह धीरा को टिकट दी गई है.
खरड़ से अनमोल गगन मान की जगह परमिंदर सिंह गोल्डी को टिकट मिला है. महत्वपूर्ण यह है कि अभी चुनाव की तारीखों तक का ऐलान नहीं हुआ है. लेकिन आम आदमी पार्टी ने कैंडिडेट्स के नाम घोषित करना शुरू कर दिया है. माना जा रहा है कि उसने चुनाव प्रचार में बढ़त के लिए ऐसा फैसला लिया है. इसके अलावा यदि टिकट कटने से किसी को नाराजगी भी हो तो इतने वक्त में उसे मैनेज किया जा सके. यही नहीं मनीष सिसोदिया समेत कई नेता लंबे समय से पंजाब में ही प्रचार करने में जुटे हैं और चुनावी रणनीति भी तैयार कर रहे हैं.


NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं