महाराष्ट्र के नासिक में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. दो सगी बहनों की खेलते-खेलते पानी की टंकी में डूबने से मौत हो गई है. इस घटना के बाद घर में मातम फैल गया. पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है. हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान 8 साल की वृत्ति सोनवणे और 5 साल की स्वस्ति सोनवणे के रूप में हुई है.
नासिक के पंचवटी इलाके के एक घर में दोनों बहनें खेल रही थीं. खेलते-खेलते दोनों बहनें अचानक कुछ देर बाद गायब हो गईं. इसके बाद जब देर तक बच्चियां नहीं दिखीं तो उनकी मां ने उन्हें ढूंढना शुरू किया. घर में हर जगह तलाशने के बाद जब मां पानी की खुली हुई टंकी का ढक्कन बंद करने के लिए वहां गईं, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. दोनों मासूम बहनों के शव पानी की टंकी के अंदर पड़े हुए थे.
पंचवटी के अमरधाम श्मशान घाट पर दोनों मासूम बहनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है. इस बीच इस घटना की जांच नासिक पुलिस कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं