विज्ञापन

मुंब्रा हिंदुओं का था और रहेगा... मुस्लिम बहुल इलाके में निकली कांवड़ यात्रा में बोले नितेश राणे

ठाणे के मुंब्रा में विश्व हिंदू परिषद ने कांवड़ यात्रा का आयोजन किया है, जिसमें राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे भी शामिल हो रहे हैं. ऐसे में AIMIM ने इलाक में उनके आने पर रोक लगाने की मांग की है.

मुंब्रा हिंदुओं का था और रहेगा... मुस्लिम बहुल इलाके में निकली कांवड़ यात्रा में बोले नितेश राणे
मुंब्रा में नितेश राणे बोले- यहां हिंदुत्ववादी फौज की सरकार है. (Photo: IANS)
  • महाराष्ट्र के मुंब्रा में निकली कांवड़ यात्रा में राज्य सरकार में मंत्री नितेश राणे शामिल हुए.
  • ठाणे पहुंचे नितेश राणे ने मुंब्रा को हिंदुओं का बताया और इसका नाम बदलने की बात कही.
  • नितेश राणे ने कहा,"मुंब्रा हिंदू राष्ट्र में ही है,किसी के अब्बा के पाकिस्तान में नहीं, यह महादेव की भूमि है."
ठाणे:

महाराष्ट्र के ठाणे में आज यानी 16 अगस्त को मुंबरेश्वर देवी और विश्व हिंदू परिषद के  संयुक्त तत्वावधान में कावड़ यात्रा का आयोजन किया गया. इस धार्मिक आयोजन में महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे भी शामिल हुए. दूसरी तरफ, AIMIM के एक नगरसेवक ने मुंब्रा पुलिस को पत्र लिखकर नितेश राणे के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की थी. इस बीच, नितेश राणे का कुछ ऐसा बयान सामने आया है, जिससे इलाके में धार्मिक और राजनीतिक दोनों नजरिए से इस कार्यक्रम की चर्चा शुरू हो गई है.

कार्यक्रम होने से पहले, AIMIM के नगरसेवक और जिलाध्यक्ष सैफ पठान ने मुंब्रा पुलिस को एक औपचारिक पत्र सौंपा था. उन्होंने पुलिस से मांग की थी कि इलाके में आपसी भाईचारा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नितेश राणे के मुंब्रा प्रवेश और कावड़ यात्रा में शामिल होने पर रोक लगाई जाए.

AIMIM ने दावा था कि उनके बयानों से इलाके का सांप्रदायिक माहौल खराब हो सकता है, इसलिए एहतियातन यह कदम उठाया जाना चाहिए. स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए मुंब्रा पुलिस ने पूरे इलाके में भारी पुलिस बल और चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था तैनात करने का फैसला किया.

नितेश राणे ने की 'मुंब्रा' का नाम बदलने की बात...

ठाणे के मुस्लिम बहुल इलाके मुंब्रा में नितेश राणे की कांवड़ यात्रा हुई. इस दौरान, मुंब्रा का नाम बदलने की भी बातें हुईं. नितेश राणे ने कहा, "बोलते-बोलते आ ही गया ना मुंब्रा में, सबको लग रहा था कि मुझे यहां नहीं आना चाहिए. वे भूल गए कि यह मुंब्रा नहीं, 'मुंब्रा देवी' है. आज से कोई इसे मुंब्रा नहीं बोलेगा, सभी इसे 'मुंब्रा देवी' कहेंगे."

उन्होंने आगे कहा, "किसी के भी डर से लोगों को मुंब्रा छोड़कर कहीं जाने की जरूरत नहीं है. कोई भी हिंदू मुंब्रा छोड़कर न जाए, यह संदेश देवेंद्र फडणवीस जी ने मेरे जरिए आप तक पहुंचाया है. आपका यह हिंदू भाई आपके लिए मंत्रालय में बैठा है. यह मुंब्रा हिंदू राष्ट्र में ही है, किसी के अब्बा के पाकिस्तान में नहीं, यह महादेव की भूमि है."

ये भी पढ़ें: ठाणे के अस्पताल में बड़ा हादसा टला, लिफ्ट में फंसे नवजात समेत 5 मरीज; समय रहते हुआ रेस्क्यू 

'मुंब्रा में हिंदुओं की ताकत बढ़नी चाहिए...'

नितेश राणे ने आगे कहा कि मैं यहां आपको ताकत देने आया हूं. यहां किसी से डरकर रहने की जरूरत नहीं है, यही संदेश मैं मुख्यमंत्री की तरफ से आपको देने आया हूं. यहां हिंदुत्ववादी फौज की सरकार है. हमारी तरफ कोई बुरी नजर से नहीं देख सकता, इतनी ताकत हममें है. मुंब्रा में हम हिंदुओं की ताकत बढ़नी चाहिए."

नितेश राणे ने आगे कहा, "मुंब्रा में हिंदू त्योहारों को पूरे जोश के साथ मनाया जाना चाहिए. मुंब्रा आज भी हिंदुओं का है, कल भी रहेगा और भविष्य में भी रहेगा. मुंब्रा देवी कल भी भगवा था और आगे भी भगवा ही रहेगा."

ये भी पढ़ें: महाराष्‍ट्र में जानलेवा हुई बार‍िश: ठाणे के मुंब्रा में जलभराव में उतरा करंट, 17 वर्षीय आलिया की मौत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra, Thane, Mumbra, Kanwar Yatra, AIMIM
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com