महाराष्ट्र अन्न एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मरीजों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुणे के जेजुरी स्थित इंड्यूकेयर फार्मा प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने कंपनी का आयुर्वेदिक दवा निर्माण लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिया है. जांच में कंपनी द्वारा गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस (GMP) और औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 के कई नियमों का गंभीर उल्लंघन सामने आया.
छह आयुर्वेदिक दवाएं मानकों पर फेल
सरकारी विश्लेषकों द्वारा की गई जांच में कंपनी की छह प्रमुख आयुर्वेदिक दवाएं गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरीं. इन्हें "नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी" घोषित किया गया. जांच रिपोर्ट में कई दवाओं में गंभीर खामियां सामने आईं.
दवाओं में मिले कीड़े और अशुद्धियां
जांच के दौरान हिंग्वाष्टक चूर्ण और त्रिफला चूर्ण में कीड़े, इल्लियां और अन्य बाहरी अशुद्ध पदार्थ पाए गए. यह स्थिति दवाओं के निर्माण और भंडारण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है. सिंहनाद गुग्गुल और पुनर्नवादी मंडूर में फंगस की वृद्धि तथा गोलियों पर काले धब्बे पाए गए. वहीं कांचनार गुग्गुल और त्रिफला गुग्गुल में निर्धारित सीमा से अधिक बैक्टीरिया, यीस्ट और मोल्ड मिले. विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी दवाएं मरीजों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती हैं.
फैक्ट्री में साफ-सफाई का अभाव
FDA निरीक्षण के दौरान उत्पादन इकाई में कई बुनियादी कमियां भी मिलीं. फैक्ट्री में साफ-सफाई की कमी थी. टूटी हुई छलनियां इस्तेमाल की जा रही थीं. फर्श और फिल्टर गंदे पाए गए. तापमान और नमी नियंत्रित करने वाले जरूरी उपकरण भी मौजूद नहीं थे. कंपनी के पास कच्चे माल की जांच से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे. मशीनों की सफाई और पैकेजिंग सामग्री के रखरखाव का रिकॉर्ड भी अधूरा मिला. इससे निर्माण प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठे.
कंपनी नहीं दे सकी संतोषजनक जवाब
FDA ने कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी दिया गया. इसके बावजूद कंपनी जांच में मिली कमियों पर कोई संतोषजनक जवाब या प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सकी. इसके बाद लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द करने का फैसला लिया गया. FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि दवाओं की गुणवत्ता और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. जो कंपनियां स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करेंगी उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
यह भी पढ़ें- कॉकरोच जनता पार्टी ने नेशनल वर्किंग कमिटी बनाई, इन 11 लोगों को मिली जिम्मेवारी, कामों का भी हुआ बंटवारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं