- राजद ने बांकीपुर उपचुनाव में हार के बाद राज्य से पंचायत स्तर तक सभी संगठनात्मक इकाइयां भंग कर दी हैं.
- तेजस्वी यादव के निर्देश पर बिहार RJD प्रमुख मंगनी लाल मंडल ने संगठनात्मक पुनर्गठन की घोषणा की है.
- पार्टी के पास विधायकों और विधान पार्षदों की संख्या पहले से कम होने के कारण संगठन मजबूत करने की जरूरत है.
बांकीपुर विधनासभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल ने एक बड़ा फैसला लिया है. पार्टी ने राज्य से लेकर पंचायत तक की सभी संगठनात्मक इकाइयां भंग कर दी है. बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की हार के बाद, तेजस्वी यादव के निर्देश पर बिहार RJD प्रमुख मंगनी लाल मंडल ने इस फ़ैसले की घोषणा की. मालूम हो कि बांकीपुर में राजद प्रत्याशी की जमानत तक जब्त हो गई थी. यूं तो पार्टी इस सीट पर लंबे समय से हारती रही है. लेकिन अब तेजस्वी ने पार्टी में बड़े बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है.
संगठन में बड़े बदलाव के तहत, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने राज्य से लेकर पंचायत स्तर तक की अपनी सभी इकाइयों को भंग कर दिया है. इसकी जानकारी एक चिट्ठी जारी करते हुए दी गई है.

मालूम हो कि पार्टी के पास पहले से ही विधायकों और विधान पार्षदों की संख्या कम हो गई है. बांकीपुर उपचुनाव में जिन नेताओं ने प्रचार किया उनकी अपील पार्टी देख चुकी है. चुनाव में मिली हार के बाद पार्टी के सामने अपने आधार वोट बैंक को बचाना सबसे बड़ी चुनौती है. कई जिले ऐसे हैं जहां लंबे वक्त से जिला अध्यक्ष नहीं बदले गए हैं. इसलिए पार्टी अब नए सिरे से संगठन का पुनर्गठन करेगी.
नए संगठन में आधार समूह के अलावा उन वर्गों के नेताओं को जगह दी जाएगी जिन्हें पार्टी आने वाले समय में साधना चाहती है. पार्टी को लगता है कि नीतीश कुमार के बाद अति पिछड़ा वोट बैंक में सेंधमारी की जा सकती है इसलिए अति पिछड़ों पर विशेष फोकस किया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल भी उम्र दराज हैं पार्टी का एक खेमा यह चाहता है कि उनकी जगह कोई नया प्रदेश अध्यक्ष हो.
यह भी पढ़ें - बंटी यादव हत्याकांड पर तेजस्वी यादव का हमला, बोले- सेक्स रैकेट के खिलाफ लड़ने वाले की हुई हत्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं