विज्ञापन

गणेश चतुर्थी से पहले मुंबई-गोवा हाईवे पर लगा भारी जाम, घर से निकलने से पहले इन रास्तों पर ध्यान दें

गणेश चतुर्थी का पर्व जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे उत्सव के लिए कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की वजह से मुंबई-गोवा हाईवे के लगातार व्यस्त रहने की आशंका है.

गणेशोत्सव से पहले मुंबई-गोवा हाईवे पर लगा भीषण जाम.
  • गणेश चतुर्थी से पहले मुंबई-गोवा हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है
  • पनवेल के पलस्पे फाटा जंक्शन पर कंटेनर फंसने से दोनों तरफ कई किलोमीटर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं
  • रायगढ़ के इंदापुर और मानगांव में संकरी सड़कों और वन-वे ट्रैफिक लागू होने से जाम और ज्यादा बढ़ा है
मुंबई:

गणेश चतुर्थी से पहले कोंकण जा रहे श्रद्धालुओं और वाहनों को मुंबई-गोवा हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम झेलना पड़ रहा है, जिसकी वजह से उनको घर पहुंचने में देर हो रही है. हईवे पर कई जगहों पर जाम लगा हुआ है. हाईवे का अधूरा काम, संकरी सड़कें और वाहनों की अचानक बढ़ी संख्या की वजह से यात्रियों का सफर काफी लंबा और थकाऊ हो गया है.

पनवेल (पलस्पे फाटा )

कंटेनर फंसने से जाम: मुंबई-गोवा और मुंबई-पुणे हाईवे को जोड़ने वाले इस बेहद महत्वपूर्ण जंक्शन पर एक कंटेनर सड़क के बीचों-बीच फंस गया. इस वजह से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गई और यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई. पुलिस की कथित अनदेखी से वाहन चालकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी. 

Latest and Breaking News on NDTV

रायगढ़ (इंदापुर और मानगांव)

यहां ट्रैफिक सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ. सड़क के संकरे हिस्सों को देखते हुए एहतियात के तौर पर पुलिस ने वन-वे ट्रैफिक लागू कर दिया, जिससे दोनों ही जगहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं. इन दोनों जगहों के पास हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम दिखा, कोंकण जाने वाली लेन पर गाड़ियों की लंबी कतारें दिखीं.

जाम की एक बड़ी वजह वाहन चालकों की अनुशासनहीनता रही. जल्दबाजी के चक्कर में कई ड्राइवरों ने दोनों लेन रॉन्ग साइड से भी से गाड़ियां निकालनी शुरू कर दीं, जिससे दोनों तरफ से रास्ता ब्लॉक हो गया और भयंकर जाम लग गया.

Latest and Breaking News on NDTV

नागोठने ब्रिज बंद होने से बढ़ी परेशानी: नागोठने में मुख्य पुल के बंद होने से स्थिति और बिगड़ गई है. पुल बंद होने की वजह से वाहनों को सर्विस रोड की तरफ डायवर्ट किया गया है. सर्विस रोड की क्षमता सीमित होने की वजह से इस इलाके में भी भारी जाम लग रहा है।. पिछले दो दिनों में मुंबई-गोवा हाईवे पर वाहनों की संख्या में भारी उछाल आया है, जिससे सड़क नेटवर्क पर भारी दबाव पड़ा है.

रत्नागिरी (चिपलून - बहादुर शेख नाका)

अधूरे निर्माण कार्य का नतीजा: मुंबई-गोवा हाईवे पर कई जगहों पर निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है. चिपलून शहर के पास बहादुर शेख नाका स्थित फ्लाईओवर का काम अधूरा होने की वजह से यहां से गाड़ियां बेहद धीमी गति से रेंगते हुए निकल रही हैं. इस अड़चन की वजह से रुक-रुक कर जाम लग रहा है और श्रद्धालुओं के सफर का समय काफी ज्यादा बढ़ गया है. 

Latest and Breaking News on NDTV

मुंबई-गोवा हाईवे पर जाम

संकरी सड़कों और यातायात में अचानक हुई बढ़ोतरी की वजह से मुंबई-गोवा हाईवे पर कई जगहों पर जाम की स्थिति बन गई है. गणेश चतुर्थी के मौके पर हर साल कोंकण जाने वाली भीड़ की वजह से मुंबई-गोवा हाईवे पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है, क्योंकि हजारों लोग त्योहार मनाने के लिए अपने पैतृक गांवों की ओर जा रहे हैं.

कोंकण की ओर जाने वाले परेशान

यातायात को नियंत्रित करने और जाम से राहत दिलाने के लिए रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस की टीमों को कई स्थानों पर तैनात किया गया है. पुलिसकर्मी प्रमुख जगहों पर वाहनों की आवाजाही को सुचारू रखने का प्रयास कर रहे हैं. कोंकण की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और ट्रैफिक पुलिस के साथ सहयोग करने की सलाह दी गई है.

Latest and Breaking News on NDTV

गणेश चतुर्थी के लिए घर लौट रहे लोग

कई लोगों के समूह में कोंकण जाने की वजह से भी ट्रैफिक की मात्रा बढ़ी है. विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों ने लोगों के लिए ग्रुप बुकिंग में एसटी बसों की व्यवस्था की थी. इन बसों को शुक्रवार को कोंकण की ओर भेजा गया था. इसके साथ ही, बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों से भी रायगढ़ और रत्नागिरी की ओर जा रहे हैं, जिससे हाईवे पर दबाव और बढ़ गया है. जैसे-जैसे गणेश चतुर्थी का पर्व नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे उत्सव के लिए कोंकण जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की वजह से मुंबई-गोवा हाईवे के लगातार व्यस्त रहने की आशंका है.

ये Video भी देखें:|धूमधाम से निकला गणपति बप्पा का काफिला, देखें Mumbai का नजारा | Exclusive | UP News | BJP | Samajwadi | Syed Suhail| TOP NEWS

ये भी पढे़ं-गणेश विसर्जन मंडपों का ठेका सिर्फ हिंदू ठेकेदारों को दें... बीजेपी नेता की मांग को शिवसेना यूबीटी ने कहा 'स्टंटबाजी'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ganesh Chaturthi, Ganesh Chaturthi Mumbai Celebrations, Mumbai Goa Highway Block News, Mumbai Goa Highway Traffic Jam, Mumbai Goa Highway Traffic Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com