- बिहार के अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में शराब लदे एक ट्रक का बीच सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त होना हुआ
- ट्रक दुर्घटना के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गए, जिससे स्थानीय लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो गई
- दुर्घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें बाहर आ गईं, जिन्हें ग्रामीण तेजी से उठा ले गए
बिहार में बीच सड़क पर एक ट्रक का एक्सीडेंट हो गया, जिसमें अंदर शराब भरी हुई थी. इसके बाद जैसे ही लोगों को पता चला इसमें शराब है, लोगों की भीड़ उस पर टूट पड़ी. यहां हर कोई अपना हिस्सा निकालने की फिराक में था. जिसमें किसी के हाथों में बोतल आई तो किसी के हाथ पूरा कार्टून लग गया, देखते ही देखते थोड़ी ही देर में पूरा रोड़ जाम हो गया. यह नजारा अररिया जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र में शराब से लदे एक ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद देखने को मिला. यहां खरहट के पास टोल टैक्स के निकट हुए इस हादसे के बाद ट्रक का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए. उनके जाने के कुछ ही देर बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर पहुंच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रक में बड़ी मात्रा में शराब लदी हुई थी. दुर्घटना के कारण ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें रखा सामान बाहर नजर आने लगा. इसी बीच कई लोग ट्रक के पास पहुंच गए और शराब की बोतलें निकालकर ले जाने लगे.
सोशल मीडिया पर सामने आईं तस्वीरें
घटना से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं. इनमें कई ग्रामीण दुर्घटनाग्रस्त ट्रक से शराब की बोतलें निकालकर ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. हादसे की खबर फैलते ही आसपास के इलाके से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए थे. स्थानीय लोगों के बीच शराब की बोतलें ले जाने की होड़ जैसी स्थिति बन गई. कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम के वीडियो भी रिकॉर्ड किए, जो अब चर्चा का विषय बने हुए हैं.
शराब कहां से आई और कहां जा रही थी?
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में लदी शराब कहां से लाई जा रही थी और उसकी डिलीवरी किस स्थान पर की जानी थी.
अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की जांच की जा रही है. साथ ही उसमें मौजूद शराब और उससे जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है. पुलिस चालक और खलासी की तलाश में जुटी है. जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें-
फरीदाबाद: घूमने निकली छात्रा को खंडहर में घसीटकर गैंगरेप, दोस्त को भी नहीं छोड़ा; 3 आरोपी गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं