महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और एनसीपी नेता छगन भुजबल का राज्यसभा का टिकट काटे जाने से उनके समर्थक नाराज हैं. वे पोस्टर लगाकर नाराज जता रहे है. भुजबल समर्थकों की नाराजगी येवला में खुलकर सामने आ रही है. उन्होंने शहर में 'साहेब निर्णय लीजिए' लिखे पोस्टर लगाए हैं. इन पोस्टर्स की चर्चा राजनीतिक गलियारों में जमकर हो रही है.
राज्यसभा नहीं भेजे जाने से छगन समर्थक नाराज
दरअसल राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए जा चुके हैं. ऐन वक्त पर छगन भुजबल का नाम उम्मीदवारों की लिस्ट से बाहर कर दिया गया. जिसके बाद उनके समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई है. पहले राज्यसभा के लिए भुजबल का नाम चर्चा में था, लेकिन आखिरकार एनसीपी ने राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बना दिया. उन्होंने सोमवार को नामांकन भी कर दिया.
NCP राजेंद्र जैन को भेज रही राज्यसभा
सूत्रों के मुताबिक, छगन भुजबल ने अपने बेटे समीर भुजबल को महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद देने की मांग रखी थी. मांग पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने के बाद राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बनाया गया. जिससे उनके समर्थक नाराज हैं. भुजबल समर्थकों ने पोस्टर्स के जरिए उनसे आगे की राजनीतिक भूमिका और निर्णय को लेकर संकेत देने की मांग की है.अब सबकी नजर इस बात पर है कि छगन भुजबल इस पूरे घटनाक्रम के बाद कोई बड़ा राजनीतिक फैसला लेते हैं या नहीं.
18 जून को राज्यसभा उपचुनाव
बता दें कि सुनेत्रा पवार के डिप्टी सीएम बनने के बाद खाली हुई राज्यसभा सीट पर 18 जून को राज्यसभा चुनाव होना है. छगन भुजबल संभावित दावेदार माने जा रहे थे. लेकिन पार्टी ने ऐन वक्त पर राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बना दिया. ये भुजबल के लिए बड़े झटके से कम नहीं है. हालांकि वह कह रहे हैं कि राज्यसभा उम्मदवार नहीं बनाए जाने से वह बिल्कुल भी नाराज नहीं हैं. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि मैं कबड्डी खिलाड़ी हूं, चेस का नहीं. उनको फ्यूचर में पार्लियामेंट जाने का मौका मिल सकता है.
'मैं राज्यसभा जाना चाहता हूं'
हालांकि उन्होंने पत्रकारों से ये भी कहा कि वह राज्यसभा जाना चाहते थे, लोकसभा नहीं. उन्होंने इसकी इच्छा भी जाहिर की थी. उन्होंने कहा कि अवसर तो कई आए लेकिन उनको मौका नहीं मिल सका. उन्होंने कहा कि ऐसे कई उदाहरण हैं जहां कई राजनीतिक परिवारों के सदस्य सरकार और संसद में एक साथ पदों पर काम कर रहे हैं. उनके मामले में भी ये मानदंड लागू होने चाहिए.
ये भी पढ़ें- राज्यसभा सीट पर बड़ा उलटफेर, भुजबल को नहीं मिला ग्रीन सिग्नल, राजेंद्र जैन पर लगी मुहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं