महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. धानोरा तालुका के जपतलाई गांव स्थित एक अनुदानित प्राथमिक-माध्यमिक आश्रम स्कूल में तड़के उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब हॉस्टल के फर्श पर सो रही 6 मासूम छात्राओं को एक बेहद जहरीले सांप ने डस लिया.
इस हादसे में 3 आदिवासी छात्राओं की इलाज के दौरान मौत हो गई है. इन लोगों की उम्र महज 8, 12 और 14 साल बताई जा रही है. वहीं, 3 अन्य छात्राएं जिंदगी और मौत से जंग लड़ रही हैं. इनमें से एक की हालत नाजुक होने पर उसे तुरंत हेलीकॉप्टर से नागपुर के जीएमसी (GMC) अस्पताल शिफ्ट किया गया है.
नींद में ही काल बनकर आया जहरीला सांप
दरअसल, जपतलाई आवासीय आश्रम स्कूल के हॉस्टल में सभी छात्राएं जमीन पर सो रही थीं. तड़के के वक्त एक जहरीले सांप ने फर्श पर सो रही छात्राओं को एक-एक कर अपना शिकार बना लिया. जब छात्राओं को शरीर में तेज दर्द और घबराहट महसूस हुई, तो उन्होंने इसकी सूचना प्रबंधन को दी. इसके बाद पूरे हॉस्टल में हड़कंप मच गया.
गंभीर छात्रा को नागपुर किया गया एयरलिफ्ट
गढ़चिरौली जिला अस्पताल में भर्ती 3 अन्य छात्राओं में से एक की तबीयत अचानक बेहद बिगड़ गई. जिला प्रशासन और गढ़चिरौली पुलिस बल ने तुरंत कदम उठाया.
छात्रा को बिना समय गंवाए हेलीकॉप्टर के जरिए नागपुर के मेडिकल कॉलेज (GMC) भेजा गया. जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है. बाकी दो छात्राओं का इलाज गढ़चिरौली में ही चल रहा है, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है.
लापरवाही पर भड़के परिजन और ग्रामीण
इस घटना के बाद मृत छात्राओं के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. परिजनों का आरोप है कि आश्रम स्कूल प्रबंधन सुरक्षा मानकों को लेकर पूरी तरह बेपरवाह था. जमीन पर छात्राओं का सोना और हॉस्टल में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होना प्रबंधन की घोर लापरवाही का नतीजा है.
यह भी पढ़ें: मुंबई में बिछेगा पुलों का जाल, 112 साल पुराने एलफिंस्टन ब्रिज की जगह बनेगा शहर का पहला डबल-डेकर ओवरब्रिज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं