विज्ञापन

राज्यसभा सीट पर बड़ा उलटफेर, भुजबल को नहीं मिला ग्रीन सिग्नल, राजेंद्र जैन पर लगी मुहर

एनसीपी ने महाराष्ट्र राज्यसभा उपचुनाव के लिए दिग्गज नेता छगन भुजबल को झटका देते हुए पूर्व एमएलसी राजेंद्र जैन को अपना उम्मीदवार बनाया है.

राज्यसभा सीट पर बड़ा उलटफेर, भुजबल को नहीं मिला ग्रीन सिग्नल, राजेंद्र जैन पर लगी मुहर
NCP Rajya Sabha Election: छगन भुजबल का कटा पत्ता
File Photo
  • महाराष्ट्र की राज्यसभा उपचुनाव में NCP ने छगन भुजबल की जगह राजेंद्र जैन को उम्मीदवार घोषित किया
  • छगन भुजबल ने राज्यसभा के लिए शर्त रखी थी कि उनके भतीजे को मंत्रीमंडल में जगह मिले
  • भाजपा नेतृत्व ने भुजबल की शर्त पर सहमति नहीं दी, जिससे उनकी उम्मीदवारी पर फैसला टला रहा

महाराष्ट्र की राजनीति में राज्यसभा उपचुनाव को लेकर कई दिनों से जारी सस्पेंस आखिरकार खत्म हो गया है. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने वरिष्ठ नेता छगन भुजबल की बजाय राजेंद्र जैन को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित कर दिया है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने इसकी आधिकारिक घोषणा की. राज्यसभा सीट के लिए छगन भुजबल का नाम सबसे आगे माना जा रहा था. खुद भुजबल ने भी दावा किया था कि उनकी उम्मीदवारी पर गंभीर चर्चा चल रही है. लेकिन अंतिम क्षणों में समीकरण बदल गए और पार्टी नेतृत्व ने राजेंद्र जैन के नाम पर मुहर लगा दी.

भुजबल की उम्मीदवारी पर क्यों अटका मामला?

छगन भुजबल राज्यसभा जाने के लिए तैयार थे, लेकिन उन्होंने एक राजनीतिक शर्त रखी थी. बताया जाता है कि उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और महायुति नेतृत्व के सामने प्रस्ताव रखा कि यदि उन्हें राज्यसभा भेजा जाता है तो उनके भतीजे समीर भुजबल को राज्य मंत्रिमंडल में जगह दी जाए. इस प्रस्ताव पर भाजपा नेतृत्व की सहमति आवश्यक थी.

सूत्र बताते हैं कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस विषय पर भाजपा हाईकमान से चर्चा करने की बात कही थी. हालांकि, लंबे इंतजार के बावजूद भाजपा की ओर से स्पष्ट 'ग्रीन सिग्नल' नहीं मिला. इसी वजह से भुजबल की उम्मीदवारी पर अंतिम निर्णय टलता रहा.

सूत्रों का कहना है कि भाजपा नेतृत्व राज्य सरकार में नए मंत्री को शामिल करने और परिवार आधारित राजनीतिक संतुलन के मुद्दे पर तत्काल सहमत नहीं था. इसी कारण NCP को वैकल्पिक नाम पर विचार करना पड़ा. हालांकि भाजपा या NCP की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है.

कौन हैं राजेंद्र जैन?

राजेंद्र जैन NCP के वरिष्ठ नेता हैं और विदर्भ क्षेत्र, विशेषकर गोंदिया जिले से आते हैं. उन्हें पार्टी संगठन में लंबे समय से सक्रिय और भरोसेमंद चेहरा माना जाता है. राजनीतिक गलियारों में उनकी पहचान NCP के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल के बेहद करीबी सहयोगी के रूप में रही है.

जैन का सार्वजनिक प्रोफाइल भले ही अपेक्षाकृत लो-प्रोफाइल रहा हो, लेकिन पार्टी के अंदर उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है. संगठनात्मक स्तर पर उनकी भूमिका और प्रफुल पटेल के साथ निकटता ने उन्हें राज्यसभा की दौड़ में महत्वपूर्ण दावेदार बनाया.

प्रफुल्ल पटेल फैक्टर कितना अहम?

सूत्रों के अनुसार, राजेंद्र जैन की उम्मीदवारी केवल एक नामांकन नहीं बल्कि NCP नेतृत्व की एक रणनीतिक राजनीतिक चाल भी है. पार्टी सूत्रों का दावा है कि जैन गोंदिया जिले से आते हैं, जो प्रफुल्ल पटेल का प्रभाव क्षेत्र माना जाता है. पिछले कुछ समय से पार्टी के भीतर विभिन्न मुद्दों को लेकर असंतोष और शक्ति संतुलन की चर्चाएं चल रही थीं. ऐसे में जैन को राज्यसभा भेजकर पार्टी नेतृत्व ने प्रफुल पटेल खेमे को स्पष्ट राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है.

सूत्रों का यह भी कहना है कि राजेंद्र जैन को उम्मीदवार बनाकर NCP नेतृत्व ने प्रफुल पटेल की संभावित नाराजगी कम करने और पार्टी के भीतर क्षेत्रीय तथा गुटीय संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया है.

भुजबल को झटका या रणनीतिक फैसला?

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फैसला केवल एक राज्यसभा सीट का नहीं बल्कि NCP के भीतर शक्ति संतुलन का भी संकेत है. एक तरफ छगन भुजबल जैसे बड़े ओबीसी चेहरे को राज्यसभा नहीं मिली, वहीं दूसरी ओर प्रफुल पटेल के करीबी राजेंद्र जैन को मौका देकर पार्टी ने संगठनात्मक और राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है.

अब नजर इस बात पर रहेगी कि छगन भुजबल इस फैसले पर क्या रुख अपनाते हैं और आगामी मंत्रिमंडल विस्तार या संगठनात्मक फेरबदल में उन्हें किस प्रकार समायोजित किया जाता है. महाराष्ट्र की राजनीति में यह राज्यसभा चुनाव केवल एक संसदीय सीट नहीं, बल्कि NCP के आंतरिक समीकरणों की नई कहानी भी लिख रहा है.

यह भी पढ़ें: राज्यसभा सीट पर सस्पेंस बरकरार: मुंबई की मैराथन बैठकों के बाद क्या छगन भुजबल जाएंगे दिल्ली

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com