राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने गुरुवार को अजित पवार के हादसे को लेकर राजनीति नहीं करने की अपील की. उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद पैदा हुए दुख और खालीपन को उनके परिवार से बेहतर कोई नहीं समझ सकता.
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “अजित दादा के निधन से पूरे महाराष्ट्र में जो शून्य पैदा हुआ है, उसकी गहराई को उनके बच्चों और मुझसे बेहतर कौन समझ सकता है? इसलिए अजित दादा के हादसे पर राजनीति न करें.”
सरकार से हुई बातचीत का भी किया जिक्र
सुनेत्रा पवार ने कहा कि हर कोई चाहता है कि हादसे के बाद कुछ ठोस निर्णय लिए जाएं और इस दिशा में प्रयास जारी हैं. उन्होंने कहा, “हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर आए हैं. यह बात सभी जानते हैं. मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अपना शब्द दिया है और उस वादे को पूरा करने के लिए वे पूरी कोशिश कर रहे हैं.”
जांच एजेंसियों पर जताया भरोसा
उन्होंने कहा कि मामले की जांच संबंधित एजेंसियां कर रही हैं और उन्हें पूरी प्रक्रिया पर भरोसा है. सुनेत्रा पवार ने कहा, “जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और मुझे जांच एजेंसियों, कानून तथा संविधान पर पूरा भरोसा है. इसलिए हमें उन्हें पर्याप्त समय देना चाहिए.”
मीडिया ट्रायल पर भी उठाए सवाल
बातचीत के दौरान उन्होंने मीडिया कवरेज को लेकर भी अपनी राय रखी. उनका कहना था कि किसी मामले में बार-बार मीडिया के सामने आने का मतलब यह नहीं होता कि हर बार कोई नया अपडेट मिल रहा है. उन्होंने कहा, “लगातार मीडिया में आने का मतलब यह नहीं है कि अपडेट मिल रहा है. इससे यह सवाल उठता है कि क्या बार-बार मीडिया ट्रायल किया जा रहा है.”
संयम रखने की अपील
सुनेत्रा पवार ने कहा कि इस दुखद समय में सभी को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए. उन्होंने कहा, “सभी को यह सोचना चाहिए कि दादा की मां, उनके बच्चों और मुझसे ज्यादा दुख किसे हो सकता है.” उन्होंने लोगों से अपील की कि जांच पूरी होने तक धैर्य रखें और इस मामले को राजनीतिक रंग देने से बचें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं