विज्ञापन

मध्य प्रदेश में मिलेगी सस्ती बिजली, रात में भी नहीं होगी कटौती... गांधी सागर हाइड्रो प्रोजेक्ट पर बोले CM मोहन यादव

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि यह एशिया की सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो परियोजनाओं में से एक है, जो राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी.

मध्य प्रदेश में मिलेगी सस्ती बिजली, रात में भी नहीं होगी कटौती... गांधी सागर हाइड्रो प्रोजेक्ट पर बोले CM मोहन यादव
Madhya Pradesh to get affordable electricity
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
  • मध्य प्रदेश में सस्ती बिजली का हो सकता है फैसला.
  • रात के समय भी बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी.
  • पर्यटन, रोजगार और तकनीकी शिक्षा को भी बढ़ावा.

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य में ऊर्जा के क्षेत्र को आत्मनिर्भर और सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा बयान दिया है. मंदसौर के ऐतिहासिक और प्राकृतिक रूप से समृद्ध गांधीसागर क्षेत्र में आयोजित विशेष 'डेस्टिनेशन कैबिनेट' बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं के जरिए आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं को किफायती दरों पर भरपूर बिजली मिलेगी और रात के समय भी बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी.

गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो प्रोजेक्ट से बदलेगी तस्वीर

गांधीसागर क्षेत्र में लगभग 11,500 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही 1,920 मेगावाट क्षमता वाली पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना इस दिशा में सबसे बड़ा कदम है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि यह एशिया की सबसे बड़ी स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो परियोजनाओं में से एक है, जो राज्य की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में मील का पत्थर साबित होगी.

इस आधुनिक तकनीक की कार्यप्रणाली के तहत, बिजली की मांग कम होने के दौरान (विशेषकर सौर और पवन ऊर्जा के अतिरिक्त उत्पादन के समय) पानी को निचले जलाशय से ऊपरी जलाशय में पंप किया जाता है. इसके बाद, जब पीक आवर्स में बिजली की सबसे ज्यादा डिमांड होती है, तब उसी पानी को नीचे गिराकर टरबाइन चलाए जाते हैं और बड़े पैमाने पर बिजली का उत्पादन किया जाता है. इससे न केवल ग्रिड पर दबाव कम होता है, बल्कि उपभोक्ताओं को बहुत सस्ती दरों पर निरंतर बिजली उपलब्ध कराई जा सकती है.

पर्यटन, रोजगार और तकनीकी शिक्षा को भी बढ़ावा

गांधीसागर में आयोजित इस अनूठी 'डेस्टिनेशन कैबिनेट' बैठक का उद्देश्य केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि इस पूरे अंचल को एक प्रमुख पर्यटन और आर्थिक केंद्र के रूप में उभारना है. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस क्षेत्र में चीता प्रोजेक्ट, प्राचीन शैलचित्र (रॉक आर्ट) और गांधीसागर जलाशय में 'केज कल्चर' के जरिए मछली पालन जैसी गतिविधियों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं.

इसके साथ ही, सरकार ने यह भी निर्णय लिया है कि विज्ञान और तकनीकी में रुचि रखने वाले स्कूली तथा कॉलेज के विद्यार्थियों को इस विशाल पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट का भ्रमण कराया जाएगा, ताकि युवा आधुनिक इंजीनियरिंग और हरित ऊर्जा (Green Energy) के कामकाज को नजदीक से समझ सकें. सरकार की इस पहल से मध्य प्रदेश न केवल ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि राज्य के औद्योगिक और घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध व सस्ती बिजली का लाभ भी मिलेगा.

यह भी पढ़ें | MP में 5 एक्सप्रेसवे से बदलेगी कनेक्टिविटी, भोपाल-मंदसौर का सफर 3.30 घंटे में; जानें पूरा प्लान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gandhi Sagar, Gandhi Sagar Dam, Hydro Project, Madhya Pradesh News, CM Mohan Yadav
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com