Surajpur Kudargarh Mahotsav: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर के कुदरगढ़ देवी धाम में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय कुदरगढ़ महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं. कलेक्टर समेत जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की. इस बार महोत्सव में खास तौर पर पेयजल, बिजली व्यवस्था और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया जा रहा है.
कुदरगढ़ महोत्सव को लेकर समीक्षा बैठक
दरअसल, हर वर्ष की तरह चैत्र नवरात्र के अवसर पर आयोजित होने वाले कुदरगढ़ महोत्सव को लेकर कुदरगढ़ स्थित न्यू रेस्ट हाउस में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में कुदरगढ़ लोक न्यास ट्रस्ट के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, कलेक्टर एस. जयवर्धन, एसएसपी प्रशांत ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.
इन मुद्दों पर की गई चर्चा
बैठक में महोत्सव स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध बिजली व्यवस्था और मंच की साज-सज्जा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. प्रशासन ने साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन को लेकर विशेष निर्देश दिए हैं. मंदिर परिसर के आसपास लगने वाले दुकानदारों को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
नगर पंचायतों को दिए गए ये निर्देश
इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायतों को टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. बैठक के बाद कलेक्टर, पुलिस अधिकारियों और लोक न्यास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने महोत्सव स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया और अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए. फ़िलहाल कुदरगढ़ महोत्सव 23 से 25 मार्च तक आयोजित होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में प्रशासन व्यवस्थाओं को लेकर अभी से तैयारियों में जुट गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं