बदायूं: यूपी के बदायूं जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) के प्लांट में गुरुवार दोपहर हथियारबंद हमलावरों ने घुसकर मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की गोली मारकर हत्या कर दी. इस घटना के बाद से पूरे इलाके और औद्योगिक क्षेत्र में दहशत का माहौल है. घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के सेंजनी की है.

ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला प्लांट
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावर दोपहर के समय प्लांट के भीतर दाखिल हुए और सीधे अधिकारियों को निशाना बनाया. हमले में मारे गए अधिकारियों में सुधीर गुप्ता (मैनेजर) और हर्षित मिश्रा (डिप्टी मैनेजर) थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने दोनों अधिकारियों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आसानी से मौके से फरार होने में कामयाब रहे.
पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही जिले के आला अधिकारी हरकत में आ गए. जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल और कई थानों की फोर्स के साथ एचपीसीएल प्लांट पहुंचे. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं