विज्ञापन

शक्कर चुराने के लिए दीवार तोड़कर दुकान में घुसा चोर! 8 किलो चीनी समेत 40,000 का सामान चुराकर फरार

शिवपुरी के करेरा क्षेत्र में चोरी की एक अनोखी वारदात सामने आई है. अज्ञात चोर ने किराना दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और 15 हजार रुपये नकद, 8 किलो चीनी, काजू, बादाम तथा अन्य किराना सामान समेत करीब 40 हजार रुपये का माल चुरा लिया. पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

शक्कर चुराने के लिए दीवार तोड़कर दुकान में घुसा चोर! 8 किलो चीनी समेत 40,000 का सामान चुराकर फरार
दीवार तोड़कर दुकान में घुसे चोर ने चुराई चीनी.
  • शिवपुरी जिले के करेरा क्षेत्र में किराना दुकान में चोर ने दीवार फोड़कर शक्कर की चोरी की वारदात दो अंजाम दिया.
  • चोर ने नकद लगभग 15 हजार रुपये के साथ काजू, बादाम, गुटखा और 8 किलो चीनी भी चुराई.
  • चोरी के दौरान चोर ने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था और सीसीटीवी कैमरे का रुख मोड़ने का प्रयास किया.

एमपी के शिवपुरी जिले के करेरा क्षेत्र से चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. आमतौर पर चोर नकदी, जेवर या कीमती सामान पर हाथ साफ करते हैं, लेकिन इस मामले में चोर ने किराना दुकान में सेंध लगाकर न सिर्फ नकदी चोरी की, बल्कि काजू, बादाम, गुटखा और 8 किलो चीनी तक अपने साथ ले गया. खास बात यह है कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. अब दीवार फोड़कर दुकान में घुसने वाले इस चोर का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.

दीवार में सेंध लगाकर दुकान में घुसा चोर

जानकारी के अनुसार, घटना करेरा तहसील के ग्राम करही की है. यहां चंद्रभान सिंह रावत की किराना दुकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोर रात के अंधेरे में पहुंचा. दुकान का शटर या ताला तोड़ने के बजाय उसने पक्की दीवार में सेंध लगाई और उसी रास्ते से दुकान के अंदर दाखिल हो गया. इसके बाद उसने आराम से दुकान में रखे सामान को खंगालना शुरू कर दिया.

नकदी के साथ काजू, बादाम और चीनी भी ले गया

दुकान के अंदर घुसने के बाद चोर ने सबसे पहले गल्ले में रखे करीब 15 हजार रुपये नकद निकाल लिए. इसके बाद उसने काजू, बादाम, गुटखा और करीब 8 किलो शक्कर समेत अन्य किराना सामान भी समेट लिया. बताया जा रहा है कि चोर करीब 40 हजार रुपये का सामान और नकदी लेकर मौके से फरार हो गया.

Latest and Breaking News on NDTV

इसी दीवार में छेद कर दुकान में घुसा चोर.  

कैमरे से बचने की कोशिश भी हुई कैद

चोरी की इस वारदात का एक दिलचस्प पहलू सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया. चोर ने अपने चेहरे को सफेद कपड़े से ढंक रखा था ताकि उसकी पहचान न हो सके. इतना ही नहीं, दुकान के अंदर पहुंचने के बाद वह सीढ़ी के सहारे सीसीटीवी कैमरे तक पहुंचा और कैमरे का रुख छत की तरफ मोड़ने की कोशिश की. हालांकि उसकी ये पूरी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.

दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में चोर की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं. दीवार फोड़कर अंदर घुसने और चोरी की वारदात को अंजाम देने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस घटना को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. खासकर चीनी चोरी होने की बात लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है.

सुबह दुकान पहुंचा तो उड़ गए होश

अगली सुबह जब दुकान संचालक चंद्रभान सिंह रावत अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो दीवार टूटी देखकर हैरान रह गए. अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और गल्ले में रखी नकदी भी गायब थी. चोरी का पता चलते ही उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Grocery Store News, CCTV Theft Video, Sugar, Kirana Shops, Shivpuri Theft Case
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com