- कांग्रेस का चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन जारी है, राहुल गांधी भी मौजूद हैं.
- राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त समेत दो अन्य आयुक्तों से मिलने की शर्त रखी है और तब तक धरना जारी रहेगा
- कांग्रेस ने चुनाव आयोग को औपचारिक पत्र भेजकरमुलाकात का समय मांगा है पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली
वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ आकाशवाणी में धरने पर बैठे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को पुलिस ने हटाया है. इन दोनों नेताओं के अलावा केसी वेणुगोपाल और दीपेंद्र हुड्डा समेत कई और लोगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है. इन्हें कहीं और ले जाया जाएगा. फिलहाल आकाशवाणी परिसर को खाली कराया जा रहा है. इससे पहले बीते 8 घंटों से धरना दे रहे राहुल गांधी ने कांग्रेसियों के साथ मिलकर यहीं पर रात गुजारने की तैयारी कर ली थी. आकाशवाणी चुनाव आयोग की इमारत के एकदम पास में है. राहुल गांधी का कहना था कि हमें मुख्य चुनाव आयु्क्त और दो अन्य आयुक्तों से मिलना है. उनसे मिले बिना हम वापस नहीं लौटेंगे. इसका संदेश भी कांग्रेस ने चुनाव आयोग को भेजा था. कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि मुख्य चुनाव आयुक्त के ख़िलाफ़ कांग्रेस का प्रदर्शन कल भी जारी रहेगा. खरगे ने सभी सांसदों को दिल्ली में रहने के निर्देश दिए हैं.
कांग्रेस सूत्र का कहना है कि दोनों चुनाव आयुक्तों समेत मुख्य चुनाव आयुक्त से मुलाक़ात का समय लेने के लिए कांग्रेस ने औपचारिक तौर पर चिट्ठी भेजी है. चुनाव आयोग की तरफ से कोई अधिकारी आ कर यदि आने वाले एक-दो दिनों में मुलाक़ात का भरोसा दे तो राहुल गांधी आज का अपना धरना खत्म कर सकते हैं. हालांकि राहुल गांधी की शर्त यही है मुलाक़ात सभी तीन सौ सांसद करेंगे. अब तक कांग्रेस की इस मांग पर चुनाव आयोग की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. माना जा रहा है कि चुनाव आयोग ने यदि मुलाकात का समय भी दिया तो वह शायद इतनी बड़ी संख्या में सांसदों से मुलाकात से इनकार कर दे.
अब 1 नवंबर को रैली की तैयारी में कांग्रेस, रामलीला मैदान बुक
इस बीच कांग्रेस मामले को लंबा खींचने और इसके आधार पर ही अपनी सियासी जमीन पुख्ता करने की कोशिश में है. 1 नबंवर को इंडिया गठबंधन की रैली के लिए रामलीला मैदान बुक हो गया है. राष्ट्रपति से मिलने के लिए कल या परसों 7 -8 अक्टूबर का समय मांगा गया है.अगर 9 अक्टूबर को समय मिला तो चलेगा. राष्ट्रपति से मिलने वालों में दोनों सदन के नेता प्रतिपक्ष यानि खरगे और राहुल गांधी,ममता बनर्जी,अखिलेश यादव,शरद पवार,उमर अब्बदुल्ला,तेजस्वी यादव,एमए बेबी और डी राजा(सीपीआई)के नाम हैं.

AAP ने भी किया सड़क पर उतरने का ऐलान
बुधवार का दिन दिल्ली में अहम हो सकता है. कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग के दफ्तर जाने की जिद ठानी है तो आम आदमी पार्टी का कहना है कि वह दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी के कार्यालय पर प्रदर्शन करेगी. इसका ऐलान सौरभ भारद्वाज ने किया है. भारद्वाज ने कहा कि 'आप', कांग्रेस समेत सभी विपक्षी दलों के नेता व कार्यकर्ता दोपहर एक बजे कश्मीरी गेट में जुटेंगे. उन्होंने कहा कि AAP ने पहले ही सड़क पर होने वाले सभी प्रदर्शन में शामिल होने का एलान किया था.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं