विज्ञापन

MP: जहरीली शराब कांड के फरार आरोपी रवि लखेरा का शॉर्ट एनकाउंटर, भागने की कोशिश में लगी गोली

सागर जहरीली शराब कांड के फरार आरोपी रवि लखेरा का बारायठा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह 4 बजे शॉर्ट एनकाउंटर हुआ. पुलिस को देखकर भागने पर पैर में गोली लगी, अस्पताल में भर्ती कर पूछताछ जारी है.

एनकाउंटर के बाद अस्पताल में भर्ती आरोपी रवि लखेरा.
NDTV
  • जहरीली शराब कांड में फरार रवि लखेरा को पकड़ने गई पुलिस से मुठभेड़.
  • पुलिस को देख भागने लगा, रोकने के लिए की फायरिंग.
  • अब तक कई आरोपी पर कार्रवाई, अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश जारी.

मध्य प्रदेश में सागर जिले के जहरीली शराब कांड मामले में फरार चल रहे आरोपी रवि लखेरा को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ हो गई. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे बारायठा थाना क्षेत्र में आरोपी का शॉर्ट एनकाउंटर हुआ. पुलिस का कहना है कि टीम ने आरोपी को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस को देखते ही रवि लखेरा ने भागने की कोशिश की.

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को रोकने के लिए कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी. गोली लगने के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया है. पुलिस टीम अब आरोपी से जहरीली शराब कांड से जुड़े नेटवर्क, अवैध शराब के कारोबार और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में पूछताछ कर रही है.

अन्य आरोपियों के लिए दबिश जारी

जहरीली शराब कांड में अब तक कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है. रवि लखेरा को इस मामले में अहम आरोपी माना जा रहा है. मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है.

मरने वालों की संख्या बढ़ी

सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले में प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है. सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि हादसे के बाद अस्पतालों में भर्ती मरीजों की स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है. कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बताया कि सागर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़ गई है. अब तक 16 लोगों की जान जा चुकी है.

कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन की टीम प्रभावित क्षेत्र में लोगों से लगातार संवाद कर रही है. ग्रामीणों को जहरीली और अवैध शराब के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए अवेयरनेस प्रोग्राम भी चलाए जा रहे हैं. प्रशासन का प्रयास है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

फोमेपिजोल बना मरीजों के लिए संजीवनी

जहरीली शराब से हुई मौतों के बीच इलाज के दौरान इस्तेमाल किए गए फोमेपिजोल (Fomepizole) इंजेक्शन की भी चर्चा सामने आई है. इसे जहरीली शराब में मौजूद कुछ जहरीले अल्कोहल, खासकर मेथनॉल विषाक्तता, के इलाज में इस्तेमाल होने वाले एंटीडोट के तौर पर जाना जाता है.

ये भी पढ़ें- परिवार के विरोध के बाद भी 20 साल की युवती ने चुना संन्यास का रास्ता, HC ने कहा- बालिग को अपने फैसले का अधिकार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Illicit Liquor Case, Sagar Liquor Tragedy, Sagar Liquor Death, Police Encounter
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com