उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां के गजनेर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जसवापुर गांव के पास सड़क किनारे बने एक नाले से संदिग्ध मोर्टार बरामद किया गया है. नाले में मोर्टार दिखने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
ग्रामीण की सूचना पर दौड़ी पुलिस
मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी संजय सिंह ने बताया कि जसवापुर गांव के एक स्थानीय ग्रामीण ने नाले में इस संदिग्ध वस्तु को देखा था, जिसकी सूचना उसने तुरंत पुलिस को दी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस बल बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए मोर्टार को अपने कब्जे में कर लिया.
FSL की टीम कर रही है जांच
मोर्टार मिलने की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया गया. FSL की टीम बारीकी से मोर्टार और उसके आसपास के साक्ष्यों की जांच कर रही है. पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह मोर्टार कितना पुराना है, यह जिंदा है या निष्क्रिय, और यह सैन्य सामग्री आम रिहाइशी इलाके के नाले तक आखिर कैसे पहुंची?
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर जसवापुर गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. संदिग्ध वस्तु मिलने के बाद से ही क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी.
संजय कुमार सिंह (सीओ अकबरपुर ने बताया कि ग्राम जसवापुर थाना गजनेर क्षेत्र में स्थित नाले पर एक संदिग्ध वस्तु बम जैसी की सूचना 112 नम्बर पर अनिल कुमार द्वारा दी गयी. इस सूचना पर थाना प्रभारी गजनेर व अन्य पुलिस अधिकारी तथा प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा ए0एस0 चेक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, घटनास्थल को सुरक्षित कराया गया व बी0डी0एस0 टीम को सूचना दे दी गयी है. बी0डी0एस0 टीम के आने के उपरांत अग्रिम कदम उठाया जाएगा. मोर्टार को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज (निष्क्रिय) करने के लिए झांसी से बम निरोधक दस्ते को विशेष रूप से बुलाया गया है.
अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां: जब तक एक्सपर्ट्स की टीम आकर इसे संभाल नहीं लेती, तब तक पूरे गांव में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और लोगों को तालाब की तरफ जाने से सख्त मना किया गया है. इस घटना ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस और खुफिया एजेंसियां कई कड़ियों को जोड़ने में जुट गई हैं. क्या यह किसी पुराने सैन्य अभ्यास के दौरान यहां छूट गया था.
क्या स्क्रैप (कबाड़) के धंधेबाजों ने पकड़े जाने के डर से इसे तालाब में फेंक दिया.
ये भी पढ़ें
डिजिटल युग का साक्षात 'चमत्कार'! बेटा गोद में खेल रहा और तहसील ने थमा दिया 'मृत्यु प्रमाण पत्र'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं