विज्ञापन

इंदौर: NEET छात्रा ने पहले भी की थी सुसाइड की कोशिश, परिजन बोले- तनाव से उबर नहीं पाई, अब छत से गिरकर मौत

इंदौर में डॉक्टर बनने का सपना देख रही एक होनहार छात्रा की मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है.

धार में हुआ छात्रा का अंतिम संस्कार.

NEET Girl Death Case: इंदौर में नीट छात्रा अवंतिका मौर्य की मौत के मामले में एक और खुलासा हुआ है. पुलिस को जांच में पता चला कि छात्रा ने दिसंबर महीने में उसने फिनायल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था, जिसके बाद उसका इलाज कराया गया था. अब इंदौर में गुरुवार की रात अवंतिका की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है.

धार जिले के बलवारी खुर्द की रहने वाली अवंतिका (21) भंवरकुआं थाना क्षेत्र की न्यू बर्ग कॉलोनी में बड़ी बहन के साथ किराये के मकान में रह रही थी. परिजनों का कहना है कि अवंतिका पिछले तीन साल से नीट की तैयारी कर रही थी और परीक्षा को लेकर काफी दबाव में थी.

Latest and Breaking News on NDTV

किसी से मोबाइल पर कर रही थी बात

जांच में यह बात भी सामने आई है कि घटना वाले दिन वह मोबाइल पर किसी से बातचीत कर रही थी. कुछ देर बाद उसके गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल परिजनों व पुलिस को सूचना दी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसियों के अनुसार, घटना अचानक हुई और किसी को अंदाजा नहीं था कि अवंतिका इतना बड़ा कदम उठा सकती है.

तीन वर्षों से कर रही थी तैयारी

परिजनों के अनुसार, अवंतिका पढ़ाई में बेहद मेधावी थी और हमेशा अच्छे अंक लाती थी. उसका सपना डॉक्टर बनना था, लेकिन लगातार तीन वर्षों से नीट की तैयारी और चयन नहीं होने की चिंता उसे परेशान कर रही थी. हाल ही में परीक्षा प्रक्रिया को लेकर बनी अनिश्चितता और दोबारा परीक्षा की तैयारी का दबाव भी उस पर था.

दिसंबर में की थी जान देने की कोशिश

जांच के दौरान पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि दिसंबर 2025 में अवंतिका ने फिनायल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया था. उस समय परिवार ने उसे बचा लिया था और उसका उपचार कराया गया था. इसके बाद भी वह मानसिक तनाव से पूरी तरह उबर नहीं पाई थी.

Latest and Breaking News on NDTV

धार में हुआ अंतिम संस्कार, क्या बोले पिता?

अवंतिका का धार में अंतिम संस्कार हो गया. अवंतिका के पिता डॉ. बंशीलाल मौर्य, जो खरगोन जिले के भिकनगांव में मेडिकल ऑफिसर हैं, ने बताया कि घटना के समय वे इंदौर में ही थे. उन्हें आसपास के लोगों से सूचना मिली, जिसके बाद वे तत्काल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने कहा कि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच पुलिस कर रही है और परिवार भी वास्तविक कारण सामने आने का इंतजार कर रहा है.

ये भी पढ़ें- नीट री-एग्जाम के लिए उत्तराखंड के छात्रों को मिलेगी रोडवेज में फ्री यात्रा, सुरक्षा सख्त

पुलिस ने क्या बताया

भंवरकुआं थाने के SHO संतोष दूधी ने बताया कि गणेश नगर में रहने वाली एक छात्रा पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी कर रही थी. मोबाइल पर बात करते हुए ऊपर जाते समय वह छत से गिर गई. मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है कि यह हादसा था या आत्महत्या. पोस्टमॉर्टम हो चुका है और उसके मोबाइल की जांच की जा रही है, ताकि पता चल सके कि उस समय वह किससे बात कर रही थी. वह कोचिंग ले रही थी और पहले भी NEET की परीक्षा दे चुकी थी. परिवार वालों ने बताया कि वह अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रही थी और उन्हें आत्महत्या की किसी वजह के बारे में कोई जानकारी नहीं थी.

भंवरकुआं थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. मोबाइल फोन जब्त कर कॉल डिटेल और चैट की जांच की जा रही है. परिजनों और आसपास के लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं. पुलिस का कहना है कि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. सभी पहलुओं की जांच के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा.

ये भी पढ़ें- NEET UG Re-Exam 2026 Live Updates: Exam Hall में डायबिटीक Students को क्या ले जाने की है परमिशन, ये रही लिस्ट

लेखक के बारे में
img
साबिर खान
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indore News, NEET Student Attempt Suicide, NEET Student Suicide
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com