- गाजियाबाद के जतिन ने फांसी लगाकर की आत्महत्या.
- सुसाइड से पहले बनाया वीडियो, बोला- कुछ अलग करने का मन कर रहा.
- इकलौता बेटा था जतिन, छोटी बहन 12वीं की छात्रा, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल.
NEET Student Commits Suicide: नीट (यूजी) अभ्यर्थियों के आत्महत्या के मामले थम नहीं रहे हैं. 21 जून को नीट की परीक्षा होनी है, उधर गाजियाबाद में शुक्रवार को 22 साल के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है. छात्र ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले एक मिनट चार सेकेंड का वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने खुद को किसी दबाव में न होने की बात कही. हालांकि, वह खुद को थोड़ा अवसादग्रस्त बता रहा था. पुलिस ने मोबाइल से वीडियो बरामद कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, विजयनगर थाना क्षेत्र में एच-ब्लॉक निवासी जतिन कुमार नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था. वह 21 जून को भी परीक्षा देने वाला था. परिजनों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12 बजे तक वह कमरे में टहलता दिखाई दिया था. अगले दिन सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला. सूचना मिलने पर विजयनगर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. कमरे में पंखे से बंधा फंदा टूटा हुआ मिला और शव फर्श पर पड़ा था.
'आज कुछ अलग करने की सोच रहा'
जांच के दौरान पुलिस को छात्र के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला, जिसे उसने कथित तौर पर आत्महत्या से ठीक पहले रिकॉर्ड किया था. वीडियो में जतिन ने अपने स्टडी रूम का दृश्य दिखाते हुए कहा कि वह “आज कुछ अलग करने” की सोच रहा है. उसने पंखे पर लगे फंदे को भी कैमरे में दिखाया. वीडियो में उसने कहा कि उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है और उसे नीट परीक्षा की कोई टेंशन नहीं है. उसने यह भी कहा कि उसके पिता ने उसे परीक्षा को लेकर तनाव न लेने की सलाह दी थी.
वीडियो में छात्र ने कहा कि वह परीक्षा में सफल होने का प्रयास करना चाहता है और यदि सफल हुआ तो लोग यह वीडियो देखेंगे. इसके बाद उसने अपनी बात समाप्त कर दी. पुलिस अब वीडियो की सत्यता और उसके पीछे की परिस्थितियों की जांच कर रही है और वीडियो को जांच में शामिल किया गया है.
ये भी पढ़ें- राजस्थान में एक और NEET छात्र ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में लिखा- सॉरी, बहुत दूर जा रहा हूं...
इकलौता बेटा था जतिन
जतिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था. उसके पिता एक सरकारी विभाग में कार्यरत हैं, जबकि मां गृहिणी हैं. उसकी एक छोटी बहन इंटरमीडिएट की छात्रा है. घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों ने फिलहाल इस मामले में कोई बयान देने से इनकार कर दिया है.
वहीं, इस पूरे मामले में एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि युवक द्वारा आत्महत्या से पूर्व बनाया गया वीडियो बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मामले के सभी पहलुओं की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य है.
पिछले एक सप्ताई में कई नीट छात्र-छात्राओं ने की आत्महत्या
पहला केस: राजस्थान के अलवर की रहने वाली छात्रा रेणु मीणा (18) अलवर की रहने वाली थी. वह दिल्ली में रहकर NEET परीक्षा की तैयारी कर रही थी. वह अपने भाई-बहन के साथ रहती थी. उसने 14 जून को दिल्ली में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. बताया जा रहा कि 14 जून को सभी भाई-बहन पढ़ने के लिए लाइब्रेरी गए थे. जब शाम के समय सभी वापस लौटे तो रेणु अपने कमरे में चली गई. कुछ देर बाद भाई-बहनों ने रेणु को चाय पीने के लिए आवाज लगाई तो कमरे से कोई आवाज नहीं आई. शक होने पर दरवाजा खोला गया तो रेणु का शव रोशनदान में लगे फंदे से लटका मिला.
दूसरा केस: राजस्थान में झुंझुनू जिले के नवलगढ़ के कारी निवासी उमेश माली ने भी आत्महत्या कर लीय वह भी सीकर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में अपनी बड़ी बहन, छोटे भाई व मां के साथ फ्लैट में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था. छात्र उमेश का इस बार तीसरा अटेम्ट था और 21 जून के परीक्षा में वह शामिल होने वाला था.
तीसरा केस: 18 जून को अहमदाबाद में 17 साल के छात्र ने भी आत्महत्या कर ली. नीट री-एग्जाम से महज तीन दिन पहले उसने रिहायशी इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगाई थी. अहमदाबाद पुलिस के जोन-2 के अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार तड़के कंट्रोल रूम को न्यू रानीप इलाके की एक सोसाइटी परिसर में एक लड़के के खून से लथपथ पड़े हने की सूचना मिली थी.
चौथा केस: कोयंबटूर की रहने वाली 19 साल की अनुकीर्तना ने आत्महत्या कर ली. वह पहले भी दो बार NEET एग्जाम दे चुकी थी. पेपर लीक और रद्द होने के बाद वह फिर से एग्जाम देने की तैयारी कर रही थी. पुलिस का कहना है कि शायद वह परीक्षा का दबाव झेल नहीं सकी और मौत को गले लगा लिया.
पांचवां केस: इंदौर में नीट छात्रा अवंतिका मौर्य की भी मौत हो गई. वह धार जिले की रहने वाली थी और इंदौर में बहन के साथ रहकर नीट की तैयारी कर रही थी. मोबाइल बात करने के दौरान वह तीसरी मंजिल से गिर गई थी. पुलिस अभी जांच कर रही है कि यह आत्महत्या थी या हादसा.
ये भी पढ़ें- इंदौर: NEET छात्रा ने पहले भी की थी सुसाइड की कोशिश, परिजन बोले- तनाव से उबर नहीं पाई, अब छत से गिरकर मौत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं