NEET Exam Today: आज देशभर में नीट की परीक्षा आयोजित की जा रही है. छत्तीसगढ़ में 127 और मध्य प्रदेश में 283 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां दोनों राज्यों में 2 लाख से भी छात्र-छात्राएं नीट का एग्जाम देंगे. इस दौरान सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं और हर केंद्र पर जैमर की भी व्यवस्था की गई है. साथ ही साइबर सुरक्षा के लिए लिहाज से भी तैयारी की गई है. वहीं, अभ्यर्थियों की चेकिंग के लिए लगाए गए स्टाफ की भी चेकिंग की गई है.
भारी सुरक्षा में पेपरों को पहुंचाया परीक्षा केंद्र
मध्य प्रदेश के भोपाल में परीक्षा केंद्रों पर हलचल भी शुरू हो गई है. अधिकारियों और पुलिस का आना-जाना लगा हुआ है. परीक्षा केंद्र के अंदर और बाहर दोनों तरफ पुलिस तैनात की गई है. सभी केंद्रों में प्रश्न पत्र भी पहुंच गए हैं, जिन्हें दो प्रशासनिक अधिकारी और दो सीआरपीएफ जवान के साथ पुलिस की निगरानी में पहुंचाया गया है. परीक्षा सामग्री ले जाने वाली गाड़ियों में जीपीएस ट्रेकिंग की व्यवस्था है. परीक्षा केंद्रों पर पेपर पहुंचाते समय अधिकारियों की एक कार भी पीछे चल रही थी.
पारंपरिक या धार्मिक पोशाक वालों को यह सलाह
नीट परीक्षा कराने वाली एजेंसी एनटीए ने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी और आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की. अतिरिक्त बायोमेट्रिक मशीनें और कर्मचारी तैनात किए गए हैं. पारंपरिक या धार्मिक पोशाक पहनने वालों को पहले पहुंचने की सलाह दी गई है.
भोपाल भी सेना की कड़ी निगरानी में नीट पेपरों को लाया गया था, जिन्हें हबीबगंज के सामने बने स्ट्रांग रूम केनरा बैंक में रखा था. यहां से प्रश्नपत्रों को 32 अलग-अलग कारों से 32 सेंटर्स पर पहुंचाया गया. पेपर को स्टील बॉक्स में सील बंद रखा गया है.
छत्तीसगढ़ में भी तैयारी पूरी, आज कराई जा रही मॉकड्रिल
री-नीट को लेकर छत्तीसगढ़ में तैयारी पूरी हो चुकी हैं. आज परीक्षा केंद्रों में मॉकड्रिल कराई जा रही है. राज्य के 19 शहरों में 127 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और रायपुर में 25 परीक्षा केंद्र हैं. रायपुर में 964 परीक्षार्थी शामिल होंगे. राज्य में 127 परीक्षा केंद्रों में करीब 55000 परीक्षार्थी भाग लेंगे.
240 की क्षमता वाले परीक्षा केंद्र में चार पुलिस बल के जवान तैनात किए जाएंगे. 240 से अधिक परीक्षार्थी क्षमता वाले परीक्षा केंद्रों में पुलिस के 6 से 8 जवान तैनात किए जाएंगे. परीक्षा केंद्रों में जैमर लगे होंगे. न्यूनतम एसडीएम स्तर के अधिकारी उड़न दस्ता टीम में शामिल होंगे.हर परीक्षा केंद्र में न्यूनतम तहसीलदार स्टार का एक प्रशासनिक और सब इंस्पेक्टर स्तर का एक पुलिस अधिकारी तैनात होगा. छत्तीसगढ़ में लगभग 1000 पुलिस बल के जवान अलग-अलग परीक्षा केंद्रों में तैनात रहेंगे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं