छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है. NEET Re-Exam 2026 से ठीक पहले अदालत ने रायपुर सेंट्रल जेल में बंद एक छात्र को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी. कोर्ट ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया के चलते किसी छात्र का भविष्य प्रभावित नहीं होना चाहिए.
बिलासपुर में सुनवाई करते हुए मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने छात्र की याचिका पर तुरंत निर्णय लिया. अदालत ने पुलिस और जेल प्रशासन को निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन छात्र को कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा केंद्र तक ले जाया जाए और परीक्षा खत्म होते ही वापस जेल लाया जाए.
आपराधिक मामले में जेल में बंद छात्र
जानकारी के अनुसार, छात्र रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में दर्ज एक मामले (आत्महत्या के लिए उकसाने) में जेल में बंद है. छात्र ने अपने वकील के जरिए अदालत से गुहार लगाई थी कि उसे परीक्षा देने का अवसर दिया जाए, क्योंकि उसका पूरा करियर इसी पर निर्भर है.
भविष्य दांव पर बताकर मांगी राहत
याचिका में छात्र ने बताया कि वह लंबे समय से NEET की तैयारी कर रहा है और परीक्षा में बैठना उसके लिए बेहद जरूरी है. सुनवाई के दौरान उसका एडमिट कार्ड भी कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद अदालत ने उसकी स्थिति को गंभीरता से लिया.
जेल में पढ़ाई की सुविधा के निर्देश
छात्र पक्ष ने यह भी मांग की कि जेल में पढ़ाई के लिए जरूरी किताबें और सामग्री उपलब्ध कराई जाएं. इस पर कोर्ट ने जेल प्रशासन को नियमों के तहत शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के आदेश दिए, ताकि तैयारी प्रभावित न हो.
शिक्षा के अधिकार को प्राथमिकता
अदालत ने अपने आदेश में कहा कि हर छात्र को शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए. केवल इसलिए कि कोई न्यायिक प्रक्रिया में है, उसके भविष्य को खतरे में नहीं डाला जा सकता. इसी आधार पर उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति दी गई.
हाईकोर्ट के आदेश के बाद रायपुर पुलिस और जेल प्रशासन ने विशेष सुरक्षा योजना बनाई है. छात्र को पुलिस निगरानी में परीक्षा केंद्र ले जाया जाएगा और पूरी प्रक्रिया पर कड़ी नजर रखी जाएगी.
बिलासपुर में परीक्षा की तैयारियां
दरअसल, 21 जून को होने वाली री-NEET परीक्षा के लिए बिलासपुर जिले में 19 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया है. सुरक्षा, बिजली, पानी और यातायात जैसी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं.
पेपर लीक के बाद बढ़ी सतर्कता
पेपर लीक मामलों को देखते हुए इस बार प्रशासन अतिरिक्त सावधानी बरत रहा है. परीक्षा केंद्रों पर CCTV निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल और सख्त एंट्री व्यवस्था लागू की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं