विज्ञापन

मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे उड़ीसा के 8 श्रद्धालुओं की मौत, नाले में बही कार, नलखेड़ा की घटना

आगर मालवा के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास बरसाती नाले में कार बह जाने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं. सभी श्रद्धालु उड़ीसा के रहने वाले बताए गए हैं.

मां बगलामुखी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे उड़ीसा के 8 श्रद्धालुओं की मौत, नाले में बही कार, नलखेड़ा की घटना
नलखेड़ा में बड़ा हादसा: मां बगलामुखी मंदिर जा रहे 8 श्रद्धालुओं की मौत
NDTV
  • मां बगलामुखी मंदिर जा रहे 8 श्रद्धालुओं की मौत, नाले में बही कार
  • तेज बहाव में नाले में बही कार, 3 बच्चों समेत 8 लोगों की जान गई
  • उड़ीसा से आए परिवार ने उज्जैन से किराये पर कार ली थी, नलखेड़ा में हादसे का हुए शिकार
आगर मालवा:

मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. नलखेड़ा स्थित प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने आए आठ श्रद्धालुओं की कार बरसाती नाले के तेज बहाव में बह गई. बताया जा रहा है कि श्रद्धालु उड़ीसा से आए थे और उज्जैन से कार किराये पर लेकर नलखेड़ा पहुंचे थे. मंदिर के समीप नाले को पार करते समय वाहन पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया. हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल है.

दर्शन के लिए आए थे श्रद्धालु

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु उड़ीसा के रहने वाले थे और मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने के लिए नलखेड़ा पहुंचे थे. वे उज्जैन से एस्प्रेसो कार (क्रमांक MP 13 AF 7135) से यात्रा कर रहे थे. मंदिर के समीप स्थित एक बरसाती नाले को पार करते समय उनकी कार तेज बहाव की चपेट में आ गई और देखते ही देखते पानी में बह गई.

नाले में बही कार को खींचने का प्रयास करती हुई रेस्क्यू टीम

नाले में बही कार को खींचने का प्रयास करती हुई रेस्क्यू टीम

तेज बहाव बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक नाले में पानी का बहाव काफी तेज था. आशंका जताई जा रही है कि चालक ने नाला पार करने की जल्दबाजी की, जिसके कारण वाहन संतुलन खो बैठा और बहाव में बह गया. तेज पानी के बीच कार को संभालने का मौका नहीं मिला और वाहन काफी दूर तक बहता चला गया.

मृतकों को कार से बाहर निकाला गया

मृतकों को कार से बाहर निकाला गया

आठ लोगों की मौत

NDTV से फोन पर बात करते हुए आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिलीप कुमार सोनी ने बताया कि इस हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हुई है. मृतकों में 3 बच्चे, 2 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं. हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार किसी भी व्यक्ति को बचाया नहीं जा सका.

तुरंत चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर-एसपी समेत प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई. बरसाती नाले में बही कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए विशेष रेस्क्यू अभियान चलाया गया. स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग किया. काफी मशक्कत के बाद कार और उसमें सवार लोगों का पता लगाया गया.

घटनास्थल पर जुटी भारी भीड़

हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए. पूरे इलाके में अफरा-तफरी और गम का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान इस नाले में पानी का बहाव अचानक बढ़ जाता है, जिससे यहां हमेशा खतरा बना रहता है.

मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी

प्रशासन के अनुसार सभी मृतक उड़ीसा के निवासी बताए जा रहे हैं. हालांकि विस्तृत पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस और प्रशासन हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं, ताकि घटना के कारणों का पूरा पता लगाया जा सके.

यह भी पढ़ें : मां बगलामुखी मंदिर के नाम पर ऑनलाइन ठगी, गुजरात के श्रद्धालु से हवन के नाम पर वसूले 18,799 रुपये

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Nalkheda, Baglamukhi Temple, Devotees Died, Agar Malwa Accident, Madhya Pradesh News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com