- मध्य प्रदेश के सतना में श्रीराम विला बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई
- आग लगने के समय बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर कई बच्चे फंसे हुए थे, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई
- फायर ब्रिगेड के जवान और प्रशासन ने विशेष लिफ्टर मशीन की मदद से बच्चों को सुरक्षित बचाने का अभियान चलाया
मध्य प्रदेश के सतना शहर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. कामता टोला इलाके में स्थित श्रीराम विला बिल्डिंग में अचानक भीषण आग लग गई. कुछ ही देर में आग ने बिल्डिंग के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई. आग और धुएं के कारण लोग घबराकर बाहर निकलने लगे जबकि स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग और प्रशासन को दी.
तीसरी मंजिल पर फंसे बच्चे, बढ़ी चिंता
घटना के समय बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर कई बच्चे मौजूद थे. आग लगने के बाद उनके फंसने की सूचना मिलते ही प्रशासन की चिंता बढ़ गई. बच्चों तक सुरक्षित पहुंचने के लिए विशेष लिफ्टर मशीन मंगाई गई. वहीं फायर ब्रिगेड के जवान जान जोखिम में डालकर ऊपरी मंजिल तक पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया.
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम कमिश्नर नागार्जुन गौड़ा, सिटी एसडीएम राहुल सिलाड़िया, सीएसपी देवेंद्र सिंह चौहान और पुलिस-प्रशासन की अन्य टीमें मौके पर पहुंच गईं. अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की निगरानी संभाली तथा फायर कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए.
बच्चों को सुरक्षित निकालना
प्रशासन के अनुसार सबसे पहली प्राथमिकता फंसे हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना है. रेस्क्यू टीम लगातार तीसरी मंजिल पर पहुंचकर बच्चों को एक-एक कर सुरक्षित नीचे ला रही है. राहत की बात यह है कि अब तक निकाले गए बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं. आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है.
यह भी पढ़ें-
बस हादसे को LIVE दिखा रहे न्यूज चैनल का हेलीकॉप्टर ही क्रैश हुआ, 3 की मौत- खौफनाक VIDEO
मणिपुर में फिर हिंसा भड़की, दो महिलाओं की गोली मारकर हत्या; कई फार्म हाउस फूंके
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं