Kal Ka Mausam, 19 September 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने जा रहा है. अब ज्यादातर राज्यों में बारिश का दौर थम गया है. हालांकि कुछ राज्यों में नए वेदर सिस्टम की वजह से बारिश हो रही है. इस बीच मौसम विभाग ने कल यानी 19 सितंबर 2026 के लिए बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. आईएमडी के डेली बुलेटिन के अनुसार कल देशभर के कुल 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश, मध्यम बारिश या आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना को लेकर मौसम का अलर्ट जारी किया गया है. इसमें राजस्थान, दिल्ली से लेकर यूपी और बिहार तक शामिल है. जानिए कल कहां कैसा मौसम रहेगा.
अपने शहर का मौसम और अपने इलाके का AQI जानने के लिए यहां क्लिक करें
दिल्ली-NCR में कल कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है. अब बारिश की गतिविधियां काफी कम हो गई हैं. लेकिन आने दिनों में आसमान हल्के बादल छाए रह सकते हैं, जिससे लोगों को तेज धूप से कुछ राहत मिल सकती है. कल भी दिन में आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे. अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. कुछ जगह हल्की बारिश भी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, 21, 22 और 23 सितंबर को दिल्ली का आसमान और भी साफ हो जाएगा.
राजस्थान में भारी बारिश का अलर्ट
एक नए मौसमी तंत्र के असर से राजस्थान के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के अनुसार कई जगह बारिश की गतिविधियां कल भी जारी रहेंगी. पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों से कल बारिश की गतिविधियों में कमी होने और मॉनसून विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल रह सकती हैं. दक्षिण-पूर्वी व पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर को भी कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश हो सकती है. हालांकि 21 सितंबर से राज्य के अधिकतर भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है.
यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में भी मौसम धीरे-धीरे बदल रहा है. अब राज्य के ज्यादातर जिलों में बारिश कम हो रही है. वहीं तापमान बढ़ रहा है. लेकिन कल यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 और 20 सितंबर को कुछ जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कल कई जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है.
बिहार में भी बारिश
मौसम विभाग ने कल यानी 19 सितंबर को बिहार में कुछ जगहों पर बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई है. IMD के बुलेटिन के अनुसार 18 सितंबर को भारी बारिश दर्ज की गई है. अब 24 सितंबर तक बारिश की गतिविधि जारी रहने का अनुमान है।
बंगाल के कई जिलों में बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने कल भी राज्य में बारिश का पूर्वानुमान जताया है. कल दक्षिण बंगाल में तेज हवाएं चलने, बादल गरजने एवं बिजली चमकने का पूर्वानुमान लगाया है. मौसम विभाग के अनुसार कल उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है जो अगले तीन से चार दिनों में दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों की ओर बढ़ेगा. आईएमडी ने उत्तर बंगाल के जिलों में भी बारिश और आंधी-तूफान का अनुमान लगाया है. दार्जिलिंग, कलिमपोंग और जलपाईगुड़ी में एक-दो जगहों पर भारी बारिश होगी.
Weather Systems, Forecast and Warnings :
— India Meteorological Department (@Indiametdept) September 18, 2026
❖ Conditions are becoming favourable for withdrawal of Southwest Monsoon from some parts of West Rajasthan around 19th September, 2026.
❖ An upper air cyclonic circulation lay over north Gujarat & neighbourhood in lower tropospheric… pic.twitter.com/dGCACO2UvI
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक कल मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बारिश देखने को मिल सकती है. मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में कल बारिश के आसार हैं. पूर्वानुमान के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में बड़े इलाके में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है. वहीं छत्तीसगढ़ में भी काफी बड़े इलाके में बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की गई है, जो अगले कुछ दिनों (23 सितंबर तक) तक जारी रह सकती है.
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
- भारी बारिश: राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, पश्चिम बंगाल और सिक्किम
- हल्की से मध्यम बारिश: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, महाराष्ट्र, गुजरात, लक्षद्वीप और कर्नाटक.
यह भी पढ़ें: मॉनसून ने विदाई से पहले ली अंगड़ाई, दिल्ली-यूपी समेत 18 राज्यों में बारिश का अलर्ट, केदारनाथ में बर्फबारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं