विज्ञापन

3400 किस मार्क्स, 55 लाख व्यूज और फिर पुलिस की एंट्री! 'किसिंग कार' के चक्कर में कटा 5500 का चालान

ग्वालियर में वायरल होने के लिए एक युवक ने अपनी Swift कार पर 3400 लिपस्टिक किस मार्क्स लगवाए. 'किसिंग कार' की Reel को 55 लाख व्यूज मिले, लेकिन वीडियो ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गया. जानिए कैसे कटा 5500 रुपये का चालान और क्यों थाने पहुंच गई कार.

3400 किस मार्क्स, 55 लाख व्यूज और फिर पुलिस की एंट्री! 'किसिंग कार' के चक्कर में कटा 5500 का चालान

करीब 3400 लिपस्टिक किस मार्क्स, साढ़े तीन घंटे की मेहनत और 800-900 रुपये का खर्च. मकसद था एक साधारण सी Swift कार को सोशल मीडिया का अगला बड़ा वायरल कंटेंट बनाना. प्लान कामयाब भी रहा. 'किसिंग कार' की Reel देखते ही देखते 55 लाख व्यूज तक पहुंच गई. लेकिन वीडियो देखने वालों में सिर्फ सोशल मीडिया यूजर्स ही नहीं, ग्वालियर ट्रैफिक पुलिस भी शामिल थी. आखिरकार यह वायरल सफर किसी नई Reel पर नहीं, बल्कि पुलिस थाने में खड़ी कार, 5500 रुपये के चालान और कार मालिक के अपने हाथों से हजारों लिपस्टिक के निशान साफ करने के साथ खत्म हुआ. दरअसल, यह कहानी है ग्वालियर के आदित्य सिकरवार की, जिन्होंने एक वायरल सोशल मीडिया ट्रेंड को फॉलो करते हुए अपनी महिला मित्र की मदद से पूरी कार को किस मार्क्स से भर दिया था. आखिर यह आइडिया कहां से आया, Reel कैसे वायरल हुई और पुलिस तक मामला कैसे पहुंचा? इस रिपोर्ट में जानिए पूरी कहानी.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 'किसिंग कार' वीडियो

दरअसल  सोमवार को ग्वालियर में एक अजीबोगरीब वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में एक Swift कार लगभग पूरी तरह लिपस्टिक के किस मार्क्स से ढकी हुई दिखाई दे रही थी. कार को शहर की सड़कों पर चलाते हुए Reel बनाई गई थी और देखते ही देखते यह वीडियो लाखों लोगों तक पहुंच गया.लेकिन जिस वीडियो को लोग मनोरंजन के तौर पर देख रहे थे, उसी पर ट्रैफिक पुलिस की भी नजर पड़ गई. पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लिपस्टिक के निशानों से ढकी Swift कार शहर की सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती दिखाई दे रही थी. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार और उसके मालिक की पहचान करने की कोशिश शुरू की.वीडियो से मिले सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ी और आखिरकार पुलिस की टीम ग्वालियर के थाटीपुर इलाके तक पहुंच गई.
 

Gwalior Kissing Car: युवक को थाने में खुद ही कार की सफाई करनी पड़ी. 5 हजार 5 सौ का चालान कटा सो अलग

Gwalior Kissing Car: युवक को थाने में खुद ही कार की सफाई करनी पड़ी. 5 हजार 5 सौ का चालान कटा सो अलग
Photo Credit: अनुराग द्वारी

थाटीपुर से मिली कार, मालिक भी बुलाया गया

ट्रैफिक पुलिस ने कार को बरामद कर ट्रैफिक थाने पहुंचाया. इसके बाद कार मालिक आदित्य सिकरवार को भी पूछताछ के लिए बुलाया गया.पूछताछ के दौरान जो कहानी सामने आई, उसने पूरे मामले को और दिलचस्प बना दिया. आदित्य के मुताबिक सोशल मीडिया पर इसी तरह का एक ट्रेंड चल रहा था. उनकी महिला मित्र को लगा कि अगर इसी तरह कुछ अलग किया जाए तो वीडियो वायरल हो सकता है. यही सोचकर उसकी मित्र ने पूरी कार पर लिपस्टिक के निशान बनाने का फैसला किया.

3400 किस मार्क्स, साढ़े तीन घंटे की मेहनत

आदित्य ने बताया कि उसकी महिला मित्र ने करीब साढ़े तीन घंटे तक लगातार काम करके पूरी कार को किस मार्क्स से भर दिया. उसके मुताबिक कार पर करीब 3400 लिपस्टिक किस मार्क्स बनाए गए. इस पूरे प्रयोग में करीब 800 से 900 रुपये की लिपस्टिक और दूसरे सामान का इस्तेमाल हुआ.आदित्य का दावा है कि पूरी योजना उसकी महिला मित्र की थी. उसने बताया कि वह कार पार्क करके वहां से कुछ देर के लिए चला गया था. इसी दौरान उसकी मित्र ने कार पर किस मार्क्स बनाने का काम पूरा किया.आदित्य के मुताबिक इसके बाद वीडियो बनाया गया और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया गया.

वायरल हुई Reel, कटा 5500 रुपये का चालान

योजना पूरी तरह सफल होती दिख रही थी. आदित्य के अनुसार Reel ने करीब 55 लाख व्यूज हासिल कर लिए थे. पुलिस कार्रवाई से पहले उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2,952 फॉलोअर्स और 64 पोस्ट मौजूद थीं. हालांकि बाद में उसने अपना अकाउंट ब्लॉक कर दिया. ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के मुताबिक वीडियो करीब दो दिन पहले सोशल मीडिया पर सामने आया था. जांच के बाद वाहन और चालक की पहचान कर ली गई. इसके बाद मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत आदित्य पर करीब 5500 रुपये का चालान लगाया गया.

ये भी पढ़ें: कभी शादी में 70 लाख के फोड़े पटाखे, अब चौराहे पर भीड़ के साथ मनाया बर्थडे; फिर चर्चा में इंदौर विधायक के बेटे

पुलिस स्टेशन में ही साफ करनी पड़ी पूरी कार

पूरे मामले का सबसे दिलचस्प हिस्सा इसके बाद सामने आया. पुलिस के अनुसार आदित्य ने अपनी गलती स्वीकार कर ली. इसके बाद उसे पुलिस स्टेशन परिसर में खड़ी अपनी कार से लिपस्टिक के निशान खुद साफ करने पड़े.
जिस कार को सोशल मीडिया पर चर्चा बटोरने के लिए 3400 किस मार्क्स से सजाया गया था, वही कार कुछ घंटों बाद पुलिस स्टेशन में खड़ी थी और उसके मालिक को एक-एक निशान मिटाना पड़ रहा था.पुलिस का कहना है कि आदित्य इंस्टाग्राम पर कंटेंट क्रिएटर के तौर पर काम करता है. शुरुआती जांच में सामने आया कि यह पूरा स्टंट सोशल मीडिया पर पहुंच बढ़ाने और ज्यादा फॉलोअर्स हासिल करने के मकसद से किया गया था.पुलिस से बातचीत के दौरान आदित्य ने माना कि उसे अंदाजा नहीं था कि इस तरह की Reel और ट्रैफिक नियमों से जुड़ी लापरवाही उसे कानूनी परेशानी में डाल सकती है.आदित्य ने अधिकारियों को भरोसा दिलाया है कि वह आगे से ट्रैफिक नियमों का पालन करेगा और इस तरह की हरकत दोबारा नहीं करेगा. 
ये भी पढ़ें: ड्रोन युद्ध का नया दौर ! लेजर और माइक्रोवेव से दुश्मन के UAV गिराने निकला अमेरिका, भारत भी रेस में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh News, Gwaliar News, Gwalior Police Action, Gwaliar Viral Video
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com